LML Star Electric Scooter Bookings Open: भारतीय मार्केट की एक पुरानी टू-व्हीलर निर्माता एलएमएल देश में जल्द वापसी करने वाली है. कंपनी ने अपने तीन नए इलेक्ट्रिक वाहनों से पर्दा हटा लिया है और अब कंपनी ने बिल्कुल नए इलेक्ट्रिक स्कूटर के लिए बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है. इसका नाम एलएमएल स्टार है और ग्राहक इसे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से बुक कर सकते हैं. फिलहाल एलएमएल ने आगामी इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत या पावरट्रेन की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है.
ई-स्कूटर में मिलेगा ये सब
एलएमएल की मानें तो स्टार इलेक्ट्रिक स्कूटर को राजाना इस्तेमाल किया जा सकता है और ये चलाने में बहुत आरामदायक ई-स्कूटर होगा. इसे जोरदार रफ्तार देने के साथ अडजस्ट होने वाली सीट, आसानी से इस्तेमाल में आने वाला स्क्रीन, फोटोसेंसिटिव हेडलैंप और फर्तीला-दमदार स्ट्रक्चर दिया गया है. इस इलेक्ट्रिक स्कूटर के साथ 360-डिग्री कैमरा, टचस्क्रीन के जरिए मिलने वाला फीडबैक और एलईडी लाइटिंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
ओरायन और मूनशॉट भी पाइपलाइन में
एलएमएल इस नए इलेक्ट्रिक स्कूटर के अलावा ओरायल इलेक्ट्रिक बाइक और मूनशॉट भी जल्द भारत में लॉन्च करने वाली है. मूनशॉट को खासतौर पर शौकीनों के लिए तैयार किया जा रहा है जो एक डर्ट बाइक होगी जिसे शहरी इलाकों में भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा. ये तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर है जिसके साथ पोर्टेबल बैटरी, फ्लाय-बाय-वायर और पैडल असिस्ट जैसे फीचर्स मिलेंगे. ग्राहकों को सुरक्षित राइड देने के लिए कंपनी ने इसमें आईपी67 रेटेड बैटरी लगाई है और यहां इनबिल्ट जीपीएस भी मिलने वाला है.
