Royal Enfield Super Meteor 650: रॉयल एनफील्ड कई नई मोटरसाइकिल देश में जल्द लॉन्च करने वाली है जिनमें से पहली का टीजर कंपनी ने जारी कर दिया है. इसका नाम रॉयल एनफील्ड सुपर मीटिओर 650 है जिसका भारतीय ग्राहकों को लंबे समय से इंतजार था. कंपनी नई सुपर मीटिओर 650 को ईआईसीएमए 2022 में 8 नवंबर को पेश करने वाली है. सूत्रों की मानें तो नई मोटरसाइकिल के लिए डीलरशिप को ट्रेनिंग देने का काम रॉयल एनफील्ड शुरू कर चुकी है और संभावित रूप से इसे दिसंबर 2022 या जनवरी 2023 तक लॉन्च कर दिया जाएगा.
मिलेगा दमदार इंजन और 6 गियर्स
रॉयल एनफील्ड सुपर मीटिओर 650 क्रूजर मोटरसाइकिल है जिसकी कीमत इंटरसेप्टर और कॉन्टिनेंटल जीटी 650 से ज्यादा होगी. इस बाइक के साथ 648 सीसी, फ्यूल इंजेक्टेड, फोर-स्ट्रोक, पैरेलल ट्विन इंजन मिलेगा जो एयर कूल्ड तकनीक वाला है. ये इंजन 47 एचपी और 52 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी सुपर मीटिओर के इंजन को 6 गियर्स से लैस करने वाली है. बता दें कि नई मोटरसाइकिल की स्टाइल और डिजाइन बहुत कुछ इसके कम दमदार मॉडल मीटिओर 350 से मिलती-जुलती होगी.
टीजर में दिखा नेविगेशन सिस्टम
रॉयल एनफील्ड द्वारा जारी टीजर में बाइक का एलईडी टेललैंप दो एग्ज्हॉस्ट पाइप्स, दो हिस्सों में बंटी सीट्स, स्क्रैम 411 वाला इंस्ट्रूमें क्लस्टर और ट्रिपर नेविगेशन सिस्टम दिखाई दिया है. यहां एसजी650 कॉन्सेप्ट से मिलता एलईडी हेडलैंप लगाया गया जिससे इसके रेट्रो लुक में इजाफा होता है. जिस जे-प्लेटफॉर्म पर मीटिओर 650 को बनाया गया है वो असल में मीटिओर 350 का दमदार रूप है. इंटरसेप्टर और कॉन्टिनेंटल जीटी 650 के मुकाबले नई बाइक का वजन 80 किग्रा ज्यादा है.
