दुनिया

Donald Trump फिर लड़ेंगे US राष्ट्रपति का चुनाव: ऐलान कर बोले- लोग पागल हो रहे, पटरी पर लाना है देश

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 16, 2022, 03:49 PM IST

US President Elections 2024: हालांकि, रिपब्लिकन पार्टी 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हार स्वीकार करने से इनकार करने वाले ट्रंप को अपना उम्मीदवार बनाने पर विचार करेगी या नहीं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। ट्रंप के हार न स्वीकार करने और उनके कथित भड़काऊ भाषणों के बीच उनके समर्थकों ने छह जनवरी को अमेरिकी संसद भवन (कैपिटल हिल) में कथित तौर पर हिंसा की थी।

Image

USA के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump पत्नी और पूर्व फर्स्ट लेडी Melania Trump के साथ। (फोटोः AP)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

US President Elections 2024: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) साल 2024 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे। व्हाइट हाउस (White House) के लिए उन्होंने अपनी तीसरी बोली का ऐलान किया है। मंगलवार (16 नवंबर, 2022) को उन्होंने वहां के फ्लोरिडा स्थित पाम बीच में मार-ए-लागो एस्टेट में हुए प्रोग्राम में कहा, "अमेरिका को फिर से महान बनाने के लिए मैं आज अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर रहा हूं।" उन्होंने इसके अलावा कहा कि लोग पागल हो रहे हैं, लिहाजा वह देश को पटरी पर लाना चाहते हैं।

76 साल के अमेरिकी नेता ने हजारों समर्थकों के सामने कहा- अमेरिका को फिर से महान बनाने के लिए मैं आज अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर रहा हूं। मैं आपकी आवाज हूं। मैं चुनाव में इसलिए खड़ा हो रहा हूं, क्योंकि मेरा मानना है कि दुनिया ने अभी तक इस देश की असली महानता नहीं देखी है। मानो या न मानो, लेकिन हम उस शिखर पर अभी नहीं पहुंचे हैं। हम कट्टरपंथी डेमोक्रेट्स को हराएंगे, जो हमारे देश को भीतर से नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस ऐलान से कुछ समय पहले ट्रंप ने आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति पद के लिए कागजी कार्रवाई भी दायर की। ब्रिटिश न्यूज एजेंसी बीबीसी की खबर के मुकाबिक, इस कार्यक्रम में लाउडस्पीकर पर एक आवाज ने ट्रंप को संयुक्त राज्य अमेरिका के अगले राष्ट्रपति के रूप में पेश किया। उन्होंने इस दौरान मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन पर हमला बोलते हुए अपने भाषण की शुरूआत की और समर्थकों से कहा कि अमेरिका की वापसी अभी शुरू होती है।

चार साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, "चार साल की छोटी सी अवधि में हर कोई बहुत अच्छा कर रहा था, हर कोई पहले की तरह फल-फूल रहा था।" उन्होंने आगे दावा किया कि, कोरोनोवायरस महामारी के दौरान जब उन्होंने कार्यालय छोड़ा तो देश की अर्थव्यवस्था तेजी से ठीक हो रही थी। उच्च मुद्रास्फीति दर का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "अब हमारा देश फिर से नीचे आ रहा है।" ट्रंप ने यह भी कहा कि बाइडेन ने यूक्रेन में संघर्ष से निपटने के अपने तरीके से अमेरिका को परमाणु युद्ध के कगार पर ला दिया है।

बीबीसी ने पूर्व राष्ट्रपति के हवाले से कहा, "यहां तक कि आज भी एक मिसाइल शायद रूस की ओर से पोलैंड भेजी गई है। लोग बिल्कुल जंगली और पागल हो रहे हैं और वे खुश नहीं हैं। वे बहुत गुस्से में हैं।" अपनी इस घोषणा से पहले ट्रंप ने कुछ दिन पहले कहा था कि वह 15 नवंबर को एक महत्वपूर्ण ऐलान करेंगे। हाल के महीनों में वह व्हाइट हाउस के संभावित तीसरे अभियान के बारे में संकेत दे रहे थे। (आईएएनएस और पीटीआई इनपुट्स के साथ)

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article