जब भी हम रास्ता भूलते हैं तो बिना नेविगेशन मैप के सहारे हम वहां से निकल नहीं पाते। आज नेविगेशन मैप हमारे मोबाइल और तमाम ई-गैजेट्स में मिल जाते हैं। जिनके सहारे हम भूले-भटके अपनी मंजिल तक पहुंच पाते हैं। कई लोग नेविगेशन मैप पर आंख बंद करके भरोसा करते हैं और उसके द्वारा दिखाए गए रास्ते पर ही चलते हैं। मगर कई बार ये भरोसा तब टूटता है जब हम अपनी मंजिल से भटककर कहीं और पहुंच जाते हैं। कुछ मामलों में तो नेविगेशन मैप हादसों का भी वजह बना है। हाल में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां एक बुजुर्ग महिला नेविगेशन मैप के जरिए रास्ता देखते हुए अपना मंजिल की ओर जा रही थी, मगर मैप ने उसे ऐसा रास्ता दिखाया कि वह अपनी मंजिल के बजाय रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई।
नेविगेशन मैप ने महिला को दिखाया गलत रास्ता
महिला के साथ हुई यह घटना फिलहाल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल (Viral) हो रहा है। जहां बताया जा रहा है कि अमेरिका के सिएटल शहर में एक 70 साल की महिला GPS के बताए गए रास्ते पर चल रही थी। रास्ते में चलते-चलते उसने गलती से अपनी कार को लाइट रेल ट्रैक पर चढ़ा दिया। यहां सबसे हैरानी की बात तो यह रही कि महिला अपनी कार को लेकर रेलवे ट्रैक पर लगभग 400 मीटर तक चलाती रही। आखिरकार उसकी कार माउंट बेकर स्टेशन के पास जाकर रुकी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े:
रेलवे ट्रैक पर कार दौड़ाती दिखी महिला
वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि महिला अपनी कार को रेलवे ट्रैक पर दौड़ा रही है। जब उसकी कार स्टेशन के करीब पहुंचती है तो वहां के एक स्टाफ ने हाथ देते हुए उसकी कार को रोकने को कहा और महिला को कार से बाहर निकलने को कहा। महिला अपनी कार से बाहर आई। बताया जा रहा है कि इस घटना की वजह से शहर की 1 लाइन लाइट रेल सेवा को करीब 2 घंटे के लिए बंद करना पड़ा। सुरक्षा के लिए पहले ट्रैक की बिजली बंद की गई, फिर इमरजेंसी टीम ने कार को हटाया। इसके बाद ही ट्रेन सेवा फिर से शुरू हो सकी।
महिला हुई कन्फ्यूजन की शिकार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बताया जा रहा है कि महिला जब अपनी कार से जा रही थी, तब उसे एक जगह ऐसी सड़क मिली जो लगभग रेलवे ट्रैक की बराबरी पर थी। ऐसे में महिला कन्फ्यूज होकर अपनी कार को लिए उस ट्रैक पर चढ़ गई। मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि महिला नशे में नहीं थी, लेकिन वह काफी कन्फ्यूज लग रही थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
