Viral Video: प्रकृति की खूबसूरती का कोई अंत नहीं है। इंटरनेट पर रोजाना कई ऐसे वीडियो सामने आते हैं जो हमें सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि कुदरत के पास हर दिन नया सरप्राइज देने के लिए कितना कुछ है। कुछ नजारे तो ऐसे होते हैं, जिन्हें देखकर आंखें खुली की खुली रह जाती है। इसी कड़ी में हाल ही में ब्राजील के पर्नाइबा डेल्टा से सामने आया एक वीडियो लोगों का दिल जीत रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि ढलते सूरज की सुनहरी रोशनी के बीच सैकड़ों लाल रंग के पक्षी एक साथ उड़ान भर रहे हैं और हरे-भरे पेड़ों पर आकर बैठ रहे हैं।
पहली नजर में ऐसा लगता है मानो पेड़ों पर अचानक सुर्ख़ लाल रंग के फूल खिल गए हों या फिर कोई जादुई दृश्य चल रहा हो। इन खूबसूरत पक्षियों का वैज्ञानिक नाम स्कार्लेट आईबिस है, जिन्हें ब्राजील में प्यार से 'गुआरॉस' पुकारा जाता है। यह पक्षी अपने गहरे और चमकदार लाल रंग के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं। पर्नाइबा डेल्टा के तटीय इलाकों और मैंग्रोव के जंगलों में यह नजारा हर दिन देखने को मिलता है। दिनभर भोजन की तलाश में भटकने के बाद, जैसे ही सूरज ढलने को होता है, ये पक्षी सैकड़ों की तादाद में झुंड बनाकर अपने ठिकानों की ओर लौटते हैं। इनके एक साथ उड़ने से आसमान में लाल रंग की खूबसूरत किरणें-सी तैरती नजर आती हैं। जीव वैज्ञानिकों के अनुसार, स्कार्लेट आईबिस पक्षियों का यह चटख लाल रंग उनके मुख्य आहार की वजह से होता है। ये पक्षी मुख्य रूप से छोटे केकड़ों, झींगों और समुद्री जीवों को खाते हैं, जिनमें कैरोटीनॉयड नाम का पिगमेंट प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। यही पिगमेंट उनके पंखों को इतना चमकीला और आकर्षक लाल बना देता है। देखें वीडियो...
खूबसूरती ने जीता दिल
इस वीडियो को देखकर आप भी जरूर एक पल के लिए मंत्रमुग्ध हो गए होंगे। अब यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं इस खूबसूरत वीडियो को देखकर यूजर्स अपनी भावनाएं रोक नहीं पा रहे हैं। किसी ने इसे 'धरती का स्वर्ग' कहा, तो किसी ने इसे 'कुदरत का सबसे खूबसूरत कैनवास' करार दिया। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
