वायरल न्यूज़

कंपनी से Layoff के बाद शख्स का हुआ तगड़ा कमबैक, 45 दिन में ऐसे बदली किस्मत कि यकीन करना हुआ मुश्किल

नौकरी से निकाले गए एक शख्स की जिंदगी कुछ ही दिनों में ऐसे बदली कि उसे खुद अपनी तरक्की पर हैरानी होने लगी। शख्स ने अपने इस खुशी को सोशल साइट रेडिट पर पोस्ट कर लोगों के साथ शेयर किया।

Image

सांकेतिक तस्वीर (Image Credit- iStocck)

किसी भी कर्मचारी के लिए आज के समय में नौकरी जाना बहुत बड़ा झटका है। खासकर तब जब आप किसी अच्छी कंपनी में काम कर रहे हों और किसी अच्छे मुकाम पर हों। नौकरी जाने के बाद दूसरी अच्छी कंपनी में नौकरी लगने में काफी समय लग जाता है। छंटनी के बाद वैसा पैकेज और काम दोनों मिलना थोड़ा मुश्किल हो जाता है लेकिन एक प्रोफेशनल एम्प्लॉई की नौकरी जाने के बाद उसका जीवन कुछ ऐसे पलटा कि उसकी उम्मीद खुद उसे भी नहीं थी।

कंपनी में हुई छंटनी का शिकार हुआ था कर्मचारी

एम्प्लॉई ने अपनी इस कामयाबी के पीछे अपने मजबूत इरादों का होना बताया। जहां लोग ऐसे हालात में हिम्मत हार जाते हैं, वहीं इस शख्स ने नौकरी जाने का दुख ना मनाते हुए तुरंत अपने स्किल्स पर काम करना शुरू कर दिया था। अपनी इस कामयाबी पर खुशी जताते हुए शख्स ने रेडिट पर एक पोस्ट शेयर किया है। जिसमें उसने बताया कि वह Oracle कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर का काम करता था। उसे हाल में ही कंपनी में हुए छंटनी के दौरान नौकरी से निकाल दिया गया था।

हिम्मत नहीं हारी और अपनी मेहनत से बदल डाले हालात

शख्स ने अपने पोस्ट में आगे बताया कि उसने नौकरी जाने पर रोना-धोना करने के बजाय उसने अपने नए स्किल्स को मजबूत किया। उसने रोजाना 1-2 घंटे पढ़ाई की और Claude की मदद से AI इंजीनियरिंग की बेसिक्स सीखी। ट्रांसफॉर्मर और अटेंशन जैसे महत्वपूर्ण टॉपिक्स को समझा और सिर्फ एक महीने में दो अच्छे प्रोजेक्ट तैयार कर लिए, जिन्हें वे इंटरव्यू में दिखा सके। इसके बाद शख्स ने अपने प्रोफाइल को अपडेट किया और LinkedIn, Wellfound, Naukri और Indeed जैसे प्लेटफॉर्म पर रोज 10-15 नौकरियों के लिए आवेदन करना शुरू किया।

45 दिन में मिले 3 अलग-अलग जॉब ऑफर्स

शख्स की मेहनत रंग लाई और करीब 20 रिक्रूटर्स ने उससे संपर्क किया। मई की शुरुआत से लेकर मीड जून तक उसने 7 कंपनियों में इंटरव्यू दिए। कुछ जगह असफलता हाथ लगी तो कुछ में सफलता ने उसके कदम भी चूमे। आखिरकार शख्स को 3 अलग-अलग कंपनियों से जॉब ऑफर मिले और अब वह एक AI इंजीनियर के तौर पर नई शुरुआत करने जा रहा है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article