स्पोर्ट्स

दक्षिण कोरिया को 8-1 से रौंदकर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत, एक भी मैच नहीं हारी है हरमनप्रीत एंड कंपनी

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में जीत का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने उसी आक्रामक खेल का परिचय देते हुए दक्षिण कोरिया के खिलाफ एकतरफा जीत हासिल की। दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल सांगजुन हान ने नौवें मिनट में किया।

Image

भारत और दक्षिण कोरिया (साभार-X)

पांच बार की चैंपियन भारतीय हॉकी टीम के विजय अभियान सेमीफाइनल में भी जारी रहा है। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त देकर रिकॉर्ड सातवीं बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत की ओर से शिलानंद लाकड़ा (चौथे और 13वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (21वें और 25वें मिनट) ने दो दो गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने नौवें मिनट में, सुखजीत सिंह ने 21वें मिनट में, अंगद बीर सिंह ने 36वें मिनट में और विवेक सागर प्रसाद ने 54वें मिनट में गोल कर भारत की जीत को शानदार बनाया। दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल सांगजुन हान ने नौवें मिनट में किया।

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा जहां भारत का सामना जापान से होगा। जापान ने दिन के पहले सेमीफाइनल में निर्धारित समय तक मलेशिया के खिलाफ गोलरहित बराबरी रहने के बाद शूटआउट में जीत दर्ज की। इस टूर्नामेंट में दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत की यह दूसरी जीत है। भारत ने राउंड रॉबिन चरण में भी दक्षिण कोरिया को 8-0 से हराया था। मेजबान भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। छह टीम के बीच खेले गए राउंड रॉबिन मुकाबलों में भारत ने अपने सभी पांच मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था। हरमनप्रीत सिंह एंड कंपनी के लिए यह लगातार छठी जीत है और अब वह अपने खिताब से केवल एक कदम की दूरी पर खड़ी है।

जीत के बाद भारतीय टीम ने जमकर सेलिब्रेशन किया। टीम के सभी सदस्यों ने हॉकी इंडिया के अधिकारियों के साथ तस्वीरें खिंचाई। इस खास मौके पर भारतीय टीम के साथ हॉकी इंडिया के एग्जीक्यूटिव मेंबर के साथ एशियन हॉकी फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट और हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी जनरल श्री भोला नाथ सिंह भी मौजूद थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article