शहर

दिल्ली से लौटते ही Nitish Kumar के घर पहुंचे CM सम्राट चौधरी, 20 मिनट की मुलाकात में क्या हुई बात?

दिल्ली दौरे के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बुधवार 4 नवंबर को पूर्व CM नीतीश कुमार से मुलाकात की। 20 मिनट की बातचीत में बिहार के विकास, गंगा समझौते, रेलवे और केंद्र के प्रस्तावों की जानकारी दी गई।

Image

नीतीश कुमार से मिले CM सम्राट चौधरी

बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar की मुलाकात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दिल्ली में केंद्र सरकार के कई मंत्रियों के साथ बैठक के बाद CM सम्राट चौधरी आज यानी बुधवार 4 नवंबर को पटना में नीतीश कुमार के आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच लगभग 20 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान मंत्री विजय चौधरी भी नीतीश कुमार के आवास पर मौजूद थे।

मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री Samrat Chudhary ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने नीतीश कुमार को दिल्ली में हुई बैठकों और बिहार के लिए केंद्र सरकार के साथ हुए समझौतों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश लेकर वह नीतीश कुमार को बधाई देने पहुंचे थे। हालांकि, इस मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने बातचीत का मुख्य उद्देश्य बिहार से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी देना बताया।

नीतीश को गंगा समझौते की दी जानकारी - सम्राट

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश था कि वह नीतीश कुमार को बधाई दें। उन्होंने बताया कि बिहार में गंगा और नदियों से जुड़ा अभियान आगे बढ़ा है। दिल्ली में केंद्र सरकार और बिहार के बीच नदी-जलाशयों से गाद निकालने और उसका इस्तेमाल राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में करने के लिए समझौता हुआ है। इस पहल को 'नदी संजीवनी' नाम दिया गया है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में हुए विभिन्न समझौतों और बिहार के विकास से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी भी पूर्व मुख्यमंत्री को दी है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन स्थापित किया और संगठित अपराध को खत्म करने की दिशा में काम किया। मौजूदा सरकार भी इसी दिशा में आगे बढ़ रही है।

पटना में बनेगा डाटा सेंटर

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों के साथ बिहार में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर बातचीत की है। पटना में बने डाटा सेंटर से जुड़े मुद्दे को भी आगे बढ़ाने की बात कही गई है। इसके अलावा केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों के सामने बिहार के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव रखे गए हैं।

दिल्ली में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ भी औद्योगिक विकास, निवेश, निर्यात और डाटा सेंटर से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की थी।

सीतामढ़ी से अयोध्या के लिए चलेगी वंदे भारत

सम्राट चौधरी ने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान उनकी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात हुई। उन्होंने सीतामढ़ी से अयोध्या के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का अनुरोध किया। इस प्रस्ताव पर केंद्र की तरफ से सहमति मिलने की जानकारी भी सामने आई है।

इसके अलावा दिवाली और छठ के दौरान बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का मुद्दा उठाया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, रेल मंत्री ने इस पर सहमति जताई है। रेलवे की तरफ से बिहार के लिए सामान्य संचालन के मुकाबले अधिक ट्रेन फेरे उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई है।

मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज

दिल्ली दौरे के बाद सम्राट चौधरी का सीधे नीतीश कुमार से मिलने पहुंचना बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, मुख्यमंत्री ने मुलाकात को बिहार के विकास और दिल्ली में हुई बैठकों की जानकारी साझा करने से जोड़ा। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में गठबंधन के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा हुई या नहीं, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article