Ajab Gajab: दुनिया में चोरी की कई अजीब घटनाएं आपने सुनी होंगी- कभी कीमती कारें, कभी महंगे गहने और कभी बैंक पर डाका। लेकिन, ब्रिटेन से एक ऐसी हैरान करने वाली चोरी सामने आई है, जिसे सुनकर पुलिस और वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट्स दोनों का दिमाग चकरा गया है। यहां चोर किसी तिजोरी को नहीं, बल्कि जमीन से इंग्लैंड की सबसे दुर्लभ चीटियों का पूरा का पूरा घर ही उखाड़कर ले उड़े। इस घटना की हर तरफ चर्चा हो रही है और लोग काफी हैरान भी हैं। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मामला दक्षिण डेवन के मशहूर चुड़लेइ नाइटॉन हीथ नेचर रिजर्व का है। यहां हाल ही में हुई एक रूटीन चेकिंग के दौरान रिसर्चर्स को जो दिखा, उसने सबको सकते में डाल दिया। अक्टूबर के मध्य में जब डेवन वाइल्डलाइफ ट्रस्ट के शोधकर्ता रिजर्व इलाके की जांच करने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि जिस जगह पर दुर्लभ 'नैरो-हेडेड चीटियों' का घोंसला हुआ करता था, वहां सिर्फ एक गहरा गड्ढा बचा है। जमीन पर फावड़े से खोदने के ताजा निशान साफ बता रहे थे कि इस काम को किसी शातिर और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। वाइल्डलाइफ विशेषज्ञों के मुताबिक, 'नैरो-हेडेड एंट' ब्रिटेन की सबसे दुर्लभ प्रजातियों में से एक है। विकास और कृषि गतिविधियों के कारण पिछले एक सदी में इनकी संख्या में भारी गिरावट आई है। अब पूरे इंग्लैंड में ये केवल इसी एक आरक्षित क्षेत्र और स्कॉटलैंड के कुछ चुनिंदा इलाकों में बची हैं। चुराई गई इस एक कॉलोनी में 1,000 से 5,000 के बीच चीटियां थीं। इस घोंसले में एक या एक से अधिक ब्रीडिंग क्वीन मौजूद थीं, जो करीब 25 साल तक जीवित रह सकती हैं। पर्यावरणविदों और कंजर्वेशन अफसरों का मानना है कि इस चोरी के पीछे का मकसद इन्हें अवैध रूप से पालना या फिर किसी अन्य निजी जगह पर 'रीवाल्ड' की अजीब कोशिश हो सकती है। हालांकि, विशेषज्ञों ने कड़ी चेतावनी दी है कि इस तरह प्राकृतिक आवास से छेड़छाड़ करने से इन बेजुबानों की आबादी पर 'विनाशकारी प्रभाव' पड़ सकता है।
सच्चाई जान लोग हैरान
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे डेवन और कॉर्नवाल पुलिस के ग्रामीण मामलों के दल को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी कानूनी रूप से संरक्षित और सुरक्षित वन्यजीव स्थल को नुकसान पहुंचाना या छेड़ना एक गंभीर अपराध है। फिलहाल पुलिस ने इलाके के लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी इस अजीबोगरीब चोरी या संदिग्ध गतिविधियों के बारे में कोई सुराग मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। वहीं, अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
