Punjab News: पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क से जुड़े चार संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इसी कड़ी में यूपी एटीएस की एक टीम पंजाब पहुंची है, जहां अमृतसर में आरोपियों के ठिकानों पर छानबीन की जा रही है। टीम पंजाब पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, उनके संपर्कों और नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
यूपी एटीएस ने हाल ही में लखनऊ से अमृतसर निवासी गगनदीप सिंह, रजत कुमार, क्रिश और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि चारों पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के संपर्क में थे। जांच में पता चला कि उन्हें लखनऊ में किसी पुलिसकर्मी या सेना के जवान की हत्या करने का टास्क दिया गया था। इस काम के बदले तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
हत्या के बाद वीडियो पाकिस्तान भेजने की थी योजना
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों को वारदात का वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजना था। घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने का भी प्लान बनाया गया था। एटीएस अब इस साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को निर्देश कहां से मिल रहे थे और उनके साथ इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे।
गगनदीप के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
जांच में गगनदीप का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खालिस्तानी संगठन से जुड़े होने के पहलू की भी पड़ताल की जा रही है। एटीएस गगनदीप और नाबालिग के खिलाफ पहले दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटा रही है। पंजाब पहुंची टीम आरोपियों के अन्य संपर्कों और संभावित हैंडलरों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पंजाब में उनके नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े थे और उनकी गतिविधियां क्या थीं।
