वायरल न्यूज़

OMG: तोते के प्यार में छोड़ी नौकरी , खाना-पीना भी त्यागा...अब 'लड्डू' को ढूंढने वाले को मिलेगा एक लाख का इनाम

OMG: वडोदरा के पारिख परिवार का 6 महीने का पालतू अफ्रीकन ग्रे पैरट 'लड्डू' 31 अक्टूबर से लापता है। उसकी जुदाई में पेट पैरेंट जेसिका ने नौकरी छोड़ने के साथ खाना-पीना भी छोड़ दिया है। परिवार ने लड्डू को सुरक्षित ढूंढकर लाने वाले को एक लाख रुपए का भारी-भरकम इनाम देने का ऐलान किया है।

Image

तोते को ढूंढ़ने वाले को एक लाख का इनाम

OMG: आज के दौर में लोग अपनों के खो जाने पर भी शायद उतना दुखी न हों, जितना वडोदरा के सेवासी रोड स्थित इस्कॉन हाइट्स में रहने वाला पारिख परिवार अपने पालतू तोते 'लड्डू' के गम में डूबा हुआ है। महज 6 महीने और 18 दिन का यह अफ्रीकन ग्रे पैरट इस परिवार के लिए सिर्फ एक पक्षी नहीं, बल्कि घर का सबसे 'लाडला' बेटा था। बताया जा रहा है कि 31 अक्टूबर की शाम को जब यह तोता घर से उड़ा, तो इसके साथ ही इस हंसते-खेलते परिवार की खुशियां भी उड़ गईं। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

घटना 31 अक्टूबर की शाम करीब 7:24 बजे की है। जेसिका पारिख के मुताबिक, उस वक्त लड्डू के पिंजरे का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान मौका पाकर वह घर के मुख्य दरवाजे से निकलकर खुले आसमान में उड़ गया। शुरुआत में परिवार को लगा कि वह आसपास ही किसी पेड़ या छत पर होगा, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार ने सेवासीमा, गोत्री, भाईली और आसपास के कई किलोमीटर के इलाकों में लाउडस्पीकर लगाकर 'लड्डू' की रिकॉर्डेड आवाज और सीटियां बजाईं।एनिमल एक्सपर्ट्स और रेस्क्यू टीम के मुताबिक, लड्डू उड़कर अधिकतम दो किलोमीटर के दायरे में जा सकता है, लेकिन परिवार ने उससे भी काफी आगे तक जाकर उसकी तलाश की।अब परिवार को आशंका है कि वह किसी शांत और सुनसान जगह, नदी किनारे या तालाब के आसपास डरकर बैठा होगा।

एक लाख का इनाम

इस कहानी का सबसे चौंकाने वाला और इमोशनल एंगल यह है कि पेट पैरेंट जेसिका पारिख ने अपने लाडले 'लड्डू' की देखभाल के लिए एक प्राइवेट स्कूल में टीचर की अपनी अच्छी-खासी नौकरी तक छोड़ दी थी। जेसिका ने उसे मुंबई के रास्ते पुणे के एक ब्रीडर से तब लिया था, जब वह बहुत छोटा था। इसके बाद से उसकी दिनचर्या पूरी तरह लड्डू के इर्द-गिर्द घूमती थी। वहीं, अब परिवार ने उसकी खोज के लिए इनाम की घोषणा की है। परिवार ने साफ कर दिया है कि जो भी व्यक्ति 'लड्डू' को सुरक्षित ढूंढकर वापस ले आएगा, उसे एक लाख रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। मिलने पर वीडियो कॉल के जरिए उसकी पहचान भी कंफर्म की जा सकती है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article