वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक बुजुर्ग यात्री अपना बैग ट्रेन में ही भूल गए। बैग में नकदी के साथ कई जरूरी सामान रखा था। यात्री श्रीनगर स्टेशन पर उतर गए, लेकिन उनका बैग कोच में ही छूट गया। इसके बाद रेलवे स्टाफ ने जो किया, उसकी सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब तारीफ हो रही है। इसका वीडियो भी IRCTC ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज से शेयर किया है।
कैश से भरा बैग ट्रेन में छूटा
वीडियो (Video) में बताया जा रहा है कि यह मामला जम्मू तवी–श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का है। जहां ट्रेन संख्या 26401 के कोच C-10 में सफर कर रहे एक यात्री श्रीनगर स्टेशन पर उतर गए। ट्रेन से उतरने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनका बैग ट्रेन के अंदर ही छूट गया है। बैग में नकदी और कुछ जरूरी सामान रखा हुआ था। यात्री के लिए यह पल काफी चिंता वाला था, लेकिन ट्रेन के कोच C-10 के स्टाफ की नजर जब उस बैग पर पड़ी तो उन्होंने उसे अपने पास सुरक्षित रख लिया। इसके बाद स्टाफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन पर अनाउंसमेंट करवाया, ताकि बैग के मालिक तक सूचना पहुंच सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
रेलवे स्टाफ ने अनाउंसमेंट कर खोज निकाला बैग का मालिक
कुछ ही देर में यात्री को अपने बैग के बारे में जानकारी मिली और वह वापस पहुंचे। इसके बाद रेलवे स्टाफ ने सामान सौंपने से पहले यात्री से उनकी पहचान और बैग के अंदर रखे सामान के बारे में जानकारी ली। वेरिफिकेशन के बाद बैग उन्हें सुरक्षित वापस कर दिया गया। वीडियो में रेलवे स्टाफ यात्री को उनका बैग वापस करते नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं।
लोगों ने रेलवे और स्टाफ की खूब की तारीफ
IRCTC ने अपनी पोस्ट में बताया कि कोच स्टाफ ने तत्परता, सतर्कता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए यात्री के छूटे हुए बैग को सुरक्षित रखा। इसके बाद अनाउंसमेंट के जरिए यात्री को सूचना दी गई और उनका सामान सकुशल वापस सौंप दिया गया। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना की खूब सराहना कर रहे हैं। एक यूजर ने रेलवे टीम की तारीफ करते हुए कहा कि कैश और जरूरी सामान होने के बावजूद स्टाफ ने उसे सुरक्षित वापस किया, जिससे रेलवे के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
