क्रिकेट

IND vs NZ 4th ODI: RO-KO के सामने खुद को परखने के लिए बेताब है कीवी गेंदबाज

भारत के खिलाफ पांच मैच की वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए न्यूजीलैंड की टीम में शामिल किए गए घातक तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल ने कहा है कि वो माउंट मोनगानुई नें खेले जाने वाले मैच में विराट कोहली और रोहित शर्मा का सामना करने के लिए आतुर हैं।

Image

ब्रेट रैंडेल (फोटो क्रेडिट BLACK CAPS X)

माउंट मोनगानुई: भारत के खिलाफ चौथे और पांचवें वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम में चुने गए तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के सामने खुद को परखने के लिए बेताब हैं। न्यूजीलैंड ने शुक्रवार और रविवार को होने वाले अंतिम दो वनडे के लिए 31 वर्षीय रैंडेल को अपनी टीम में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के दो शीर्ष बल्लेबाजों को गेंदबाजी करना उनके लिए विशेष अनुभव होगा।

मायने रखता है विराट और रोहित का विकेट

रैंडेल से जब पूछा गया कि कोहली और रोहित जैसे बल्लेबाजों के सामने पदार्पण करना क्या उनके लिए खास होगा तो उन्होंने कहा,'निश्चित तौर पर। मेरे कहने का मतलब है कि उनके आंकड़े खुद ही सब कुछ बयां करते हैं।' उन्होंने कहा,'मैंने अभी तक उन्हें टीवी पर ही खेलते हुए देखा है इसलिए अगर मुझे मौका मिलता है तो मैं इसका भरपूर आनंद लूंगा। मैं उनके खिलाफ अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक रहूंगा।' रैंडेल से जब पूछा गया कि उनके निशाने पर क्या कोहली और रोहित के विकेट होंगे तो उन्होंने कहा,'मेरे लिए कोई भी विकेट काफी मायने रखता है। वह मेरे खाते में जुड़ जाएगा और संन्यास लेने के बाद उन्हें याद करके अच्छा लगेगा। पिछले दिनों मुझे ’ए’ टीम की तरफ से खेलने का मौका मिला और मैंने कुछ विकेट हासिल किए जिससे मुझे अच्छा महसूस हुआ।'

भारतीय गेंदबाजों से सीखना चाहेंगे गुर

इस तेज गेंदबाज को भारतीय तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा से बातचीत करने का भी मौका मिला। उन्होंने कहा,'हम सब एक तरह से एक बड़े परिवार की तरह हैं। कुछ दिन पहले मैच के खत्म होने के बाद मैंने जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा से गेंदबाजी के बारे में और भारत की परिस्थितियों के बारे में बात की थी। अगर मुझे फिर से ऐसा मौका मिलता है तो मैं उसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करूंगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article