देश

पत्नी को था कैंसर, नहीं जाना चाहता था विदेश... फ्लाइट में लिख दिया 'हाईजैक' का नोट! कोलकाता-मुंबई विमान में क्या हुआ?

कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार को एयर इंडिया की फ्लाइट AI 772 को हाईजैक करने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया। जांच के बाद विमान को उड़ान की अनुमति दी गई, लेकिन फ्लाइट करीब साढ़े छह घंटे की देरी से रवाना हुई। पुलिस ने नोट छोड़ने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार किया है।

Image

कोलकाता एयरपोर्ट पर विमान हाईजैक की धमकी देने वाला यात्री गिरफ्तार।

Photo : iStock

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एयर इंडिया की एक उड़ान को हाईजैक करने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। इस मामले में पुलिस ने एक यात्री को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में धमकी देने के पीछे एक भावनात्मक वजह सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को नौकरी के सिलसिले में दक्षिण अफ्रीका जाना था। इसके लिए वह कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 772 में सवार हुआ था। हालांकि, उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है। बताया जा रहा है कि विमान में सवार होने के बाद उसे एहसास हुआ कि वह अपनी बीमार पत्नी को छोड़कर विदेश में नौकरी करने नहीं जा सकता। इसके बाद उसने आखिरी वक्त में अपना फैसला बदल लिया।

नोट में लिखी थी विमान को हाईजैक करने की बात

आरोप है कि इसी के बाद उसने विमान को हाईजैक करने की झूठी धमकी दी। बुधवार सुबह करीब 10:37 बजे विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिला, जिसमें विमान को हाईजैक करने की बात लिखी गई थी। उस वक्त विमान में 105 यात्री सवार थे और उड़ान भरने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी थी।

तलाशी के बाद विमान को उड़ान के लिए किया गया रवाना

धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान को आइसोलेशन बे में पहुंचाया। इसके बाद विमान की पूरी तरह से तलाशी ली गई और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही उड़ान को रवाना करने की अनुमति दी गई। इस घटना के चलते एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 772 करीब साढ़े छह घंटे की देरी से शाम 5:38 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।

वहीं, धमकी भरा नोट छोड़ने वाले यात्री की पहचान के लिए उसी दिन जांच शुरू कर दी गई थी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने आरोपी की पहचान कर उसे एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया। गुरुवार सुबह पुलिस ने पुष्टि की कि आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article