Viral Video: कहते हैं कि अगर कुछ कर गुजरने की जिद हो, तो हालात चाहे जितने भी विपरीत क्यों न हों, रास्ते खुद-ब-खुद निकल आते हैं। नवाबों के शहर लखनऊ की सड़कों से एक ऐसा ही दिल छू लेने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने इंटरनेट पर हर किसी को भावुक और प्रेरित कर दिया है। यहां एक ऑटो चालक सवारी को उसकी मंजिल तक पहुंचाते हुए, खुद अपनी सरकारी शिक्षक बनने की मंजिल की ओर कदम बढ़ा रहा है। आलम ये है कि इस नजारे ने लोगों को भावुक कर दिया है और लोग शख्स के जज्बे की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @_mallikaagarwal ने एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में दिखता है कि जब वह ऑटो में सफर कर रही थीं, तो उनकी नजर ड्राइवर की सीट के पास लगे मोबाइल स्टैंड पर गई। फोन पर कोई गाना या फिल्म नहीं, बल्कि पढ़ाई का वीडियो लेक्चर चल रहा था। जिज्ञासावश जब मल्लिका ने ड्राइवर से पूछा कि वह किस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो मुस्कुराते हुए जवाब मिला- "Super TET"। बातचीत के दौरान ऑटो चालक ने अपना नाम सूरज तिवारी बताया, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के रहने वाले हैं। सूरज बताते हैं कि वह पिछले साल दिसंबर में इस उम्मीद के साथ लखनऊ आए थे कि किसी सीबीएसई स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का मौका मिलेगा। लेकिन जब वह स्कूलों में गए, तो उन्हें निराशा हाथ लगी। सूरज के मुताबिक, प्राइमरी लेवल पर पुरुष शिक्षकों की जगह महिला शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाती है। घर की आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों को संभालने के लिए सूरज के पास खाली बैठने का विकल्प नहीं था। ऐसे में उन्होंने पेट पालने और अपनी पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए ऑटो चलाना शुरू कर दिया। जब मल्लिका ने सूरज से पूछा कि वह दिन भर ऑटो चलाने की थकान और ट्रैफिक के बीच अपनी पढ़ाई कैसे मैनेज करते हैं, तो सूरज का जवाब किसी फिल्मी डायलॉग से कम नहीं था। बेहद सहजता से उन्होंने कहा कि मैम, हो जाता है... क्योंकि मैं सदा से ही थोड़ा 'समस्यात्मक बालक' के रूप में उभरा हूं। मुझे समस्याएं और अधिक समझ में आती हैं। जिंदगी में जितनी सारी प्रॉब्लम होंगी, मुझे रास्ता उतना ही साफ समझ में आता है। देखें वीडियो...
जज्बे को लोग कर रहे सलाम
सूजर की बातें सुनकर आप भी जरूर भावुक हो गए होंगे। आलम ये है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाय हुआ है। सोशल मीडिया यूजर्स सूरज की सादगी, स्पष्ट सोच और अटूट मेहनत के कायल हो गए हैं। कमेंट सेक्शन में लोग उन्हें 'असली हीरो' बता रहे हैं और दुआ कर रहे हैं कि सूरज जल्द ही एक सरकारी शिक्षक बनें और अपनी बाइक पर दुनिया घूमने का सपना भी पूरा करें। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
