छठ महापर्व आ चुका है। इस पर्व की रौनक छठ मनाने वाले इलाकों में नजर आने लगी है। घाट सजाए जा चुके हैं और पूजा की दूसरी तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। जगह-जगह छठ के गीत सुनाई दे रहे हैं। ये छठ गीत दीवाली के अगले दिन से ही बजने लगते हैं। इन गीतों में एक गजब का जादू है।
छठ गीतों की बात हो और शारदा सिन्हा का नाम ना आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। शारदा सिन्हा भले आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन छठ के लोकगीतों में वह हमेशा जिंदा रहेंगी। दिल्ली-मुंबई हो या फिर बलिया-पटना, जहां कहीं भी छठ होता है वहां शारदा सिन्हा की आवाज में दो गीत 'कांच ही बांस के बहंगिया' और 'उगा हो सुरुज देव' जरूर बजता है। पूजा के दौरान छठ घाट पर भी महिलाएं यही गीत गाती सुनाई देती हैं।
बहुत से लोग समझते हैं कि छठ के ये दोनों गीत सबसे पहले शारदा सिन्हा ने ही रिकॉर्ड किया था। हालांकि उनकी सोच गलत है। शारदा सिन्हा से सालों पहले छठ के इन गीतों को अपनी आवाज में रिकॉर्ड करने वाली लोकगायिका का नाम था विंध्यवासिनी देवी।
छठ के पारंपरिक गीतों की शुरुआती रिकॉर्डिंग का इतिहास खंगालें तो विंध्यवासिनी देवी का नाम सामने आता है। 1950 और 60 के दशक में उन्होंने एचएमवी के लिए छठ के कई पारंपरिक गीत रिकॉर्ड कराए थे। इनमें 'उग हो सुरुज देव भइल भिनुसरवा', 'सोने के खड़उआ हो दीनानाथ' और 'केरवा जे फरेला घवध से' जैसे गीतों का जिक्र मिलता है। बाद में शारदा सिन्हा ने अपनी सुरीली आवाज से इन गीतों को नई पहचान दी और छठ को घर-घर तक पहुंचाया।
कौन थीं विंध्यवासिनी देवी
विंध्यवासिनी देवी का जन्म 5 जनवरी 1920 को मुजफ्फरपुर में हुआ था। उनका संगीत से रिश्ता केवल गायिकी तक सीमित नहीं था। वह लोकगीतों को सहेजने और उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए भी काम करती थीं। 1948 में जब पटना आकाशवाणी केंद्र की शुरुआत हुई, तब उनकी आवाज वहां सुनाई दी। आकाशवाणी के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार के लोकसंगीत को रेडियो के जरिए लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। छठ का मशहूर गीत उगा हो सुरुज देव भी उन्होंने आकाशवाणी के लिए रिकॉर्ड किया था।
गांव-गांव घूमकर जुटाए लोकगीत
विंध्यवासिनी देवी के काम की खास बात यह थी कि वह केवल मंच पर गाने वाली कलाकार नहीं थीं। उन्हें एहसास था कि गांवों में पीढ़ियों से गाए जा रहे गीत धीरे-धीरे भुलाए जा सकते हैं। इसलिए वह गांव-गांव जातीं, बुजुर्ग महिलाओं से पारंपरिक गीत सुनतीं और उन्हें लिखकर सहेजतीं। उस दौर में महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलकर इस तरह काम करना आसान नहीं था। लेकिन उन्होंने इस मुश्किल को अपने रास्ते की रुकावट नहीं बनने दिया।
भोजपुरी, मैथिली और मगही में उन्होंने कई लोकगीत गाए और रचे। 'सोने के खड़उआ हो दीनानाथ' और 'हरि मधुबनवा छाये रे' जैसे गीत उनके लोकसंगीत से जुडे काम की पहचान बने।
मॉरीशस तक पहुंची बिहार के लोकगीतों की आवाज
विंध्यवासिनी देवी ने बिहार के लोकसंगीत को देश की सीमाओं से बाहर भी पहुंचाया। वह मॉरीशस गईं और वहां बिहार के लोकगीतों की प्रस्तुति दी। उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। उन्हें संगीत नाटक अकादमी सम्मान और बिहार रत्न सहित कई सम्मान भी मिले
आज छठ के मौके पर शारदा सिन्हा की आवाज हर तरफ सुनाई देती है। उनकी गायिकी ने इस पर्व के गीतों को नई पहचान और लोकप्रियता दी। लेकिन इन गीतों को रिकॉर्डिंग और रेडियो के जरिए लोगों तक पहुंचाने की शुरुआती कोशिशों में विंध्यवासिनी देवी जैसी कलाकारों का योगदान भी याद रखना जरूरी है। दरअसल छठ के गीत बिहार की लोकसंस्कृति, गांवों की स्मृतियों और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा की आवाज हैं। और इस आवाज को सहेजने वालों में विंध्यवासिनी देवी का नाम हमेशा सम्मान से लिया जाएगा।
