वायरल न्यूज़

Ajab Gajab: चाय-समोसे के दाम में 2BHK! शख्स को सिर्फ 154 रुपये में मिल गया शानदार आशियाना, जानें कैसे?

Ajab Gajab: चीन से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है यहां एक 2BHK फ्लैट मात्र 11 युआन यानी करीब 154 रुपए में बिका।1 युआन से शुरू हुई इस नीलामी में 1,677 खरीदारों ने हिस्सा लिया और कुल 1,001 बोलियां लगीं।

Image

154 रुपए में 2 BHK फ्लैट (तस्वीर साभार- AI)

Ajab Gajab: आज के दौर में महंगाई का आलम यह है कि 150 रुपये में किसी अच्छे कैफे की एक कप कॉफी भी मुश्किल से आती है। ऐसे में अगर कोई आपसे कहे कि इतने ही पैसों में किसी ने दो कमरों (2BHK) का बना-बनाया फ्लैट खरीद लिया है, तो शायद आप इसे मजाक समझेंगे। लेकिन, चीन की सबसे बड़ी ऑनलाइन सेल में यह कारनामा हकीकत बन गया है। चीन के मशहूर 'डबल 11' शॉपिंग फेस्टिवल, जिसे दुनिया भर में चीन का 'ब्लैक फ्राइडे' भी कहा जाता है के दौरान एक शख्स ने महज 11 युआन यानी भारतीय करेंसी में करीब 154 रुपये की बोली लगाकर एक अपार्टमेंट अपने नाम कर लिया है। हालांकि, इस फिल्मी जीत की कहानी में एक बड़ा 'ट्विस्ट' भी छिपा है, जो सस्ते प्रॉपर्टी ऑफर्स की असली हकीकत बयां करता है। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अनोखी नीलामी ई-कॉमर्स दिग्गज अलीबाबा के प्लेटफॉर्म 'अलीबाबा ऑक्शन' पर आयोजित की गई थी। प्रॉपर्टी चीन के उत्तर-पूर्वी प्रांत हेइलोंगजियांग के हेगांग शहर की एक रिहायशी इमारत की 7वीं मंजिल पर स्थित है। करीब 68 वर्ग मीटर (लगभग 735 वर्ग फुट) में फैले इस 2-बेडरूम फ्लैट की नीलामी के नियम बेहद दिलचस्प रखे गए थे। नीलामी की शुरुआती कीमत महज 1 युआन (करीब 14 रुपये) तय की गई थी। हर नई बोली में केवल 0.01 युआन की बढ़ोतरी की जा सकती थी। अधिकतम बोली की सीमा 11 युआन (करीब 154 रुपये) फिक्स की गई थी। नियम साफ था-जो खरीदार सबसे पहले 11 युआन का आंकड़ा छू लेगा, घर उसी का हो जाएगा। 5 नवंबर को बंद हुई इस नीलामी में किस्मत आजमाने के लिए 1,677 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया और देखते ही देखते 1,001 बोलियां लग गईं। आखिरकार पूर्वी चीन के जियांगसू-झेजियांग इलाके के एक अनाम शख्स ने सबसे तेज उंगलियां चलाते हुए 11 युआन की बोली लॉक कर दी और बाजी जीत ली।

कहानी का असली ट्विस्ट

जिस फ्लैट को इस शख्स ने 154 रुपये में जीता है, स्थानीय प्रॉपर्टी ऐप्स के मुताबिक उसकी असली बाजार कीमत करीब 40,000 युआन (लगभग 5.6 लाख रुपये) है। इसी कॉम्प्लेक्स में रीसेल प्रॉपर्टी का औसत भाव करीब 2,700 युआन प्रति वर्ग मीटर चलता है। लेकिन रुकिए, 154 रुपये चुकाने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि खरीदार को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के घर की चाबी मिल जाएगी। प्रॉपर्टी को कानूनी रूप से अपने नाम ट्रांसफर कराने के लिए विजेता को अपनी जेब से करीब 2,000 युआन (लगभग 28,000 रुपये) का सरकारी टैक्स भरना होगा। इसके अलावा सोसायटी के बकाया मेंटेनेंस और बिजली-पानी के बिलों का खर्च भी अलग से उठाना पड़ सकता है। जहां तक 5.6 लाख के फ्लैट को 154 रुपये में बेचने के घाटे का सवाल है, तो नीलामी एजेंसी ने साफ किया है कि यह 'डबल 11' प्रमोशन का हिस्सा था। फ्लैट की असली कीमत और 11 युआन के बीच के अंतर की भरपाई खुद प्लेटफॉर्म ने सब्सिडी के जरिए की है, ताकि सेल के दौरान ग्राहकों का ध्यान खींचा जा सके। नीलामी की लाइवस्ट्रीम के दौरान जब विजेता से बात की गई, तो उसने बताया कि वह खुद भी अपनी इस जीत पर यकीन नहीं कर पा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि वह अपने शहर को छोड़कर हेइलोंगजियांग में शिफ्ट होने वाला नहीं है। चूंकि हेइलोंगजियांग प्रांत अपनी कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के लिए जाना जाता है, इसलिए खरीदार ने फैसला किया है कि वह अपने घर से हजारों किलोमीटर दूर मौजूद इस फ्लैट को सर्दियों की छुट्टियां बिताने के लिए एक 'विंटर हॉलिडे होम' के तौर पर इस्तेमाल करेगा।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article