क्रिकेट

फिर गेंदबाजी करते नजर आएंगे जेम्स एंडरसन, 45 की उम्र में सरे के साथ किया करार

महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन एक बार फिर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में गेंदबाजी करते नजर आएंगे। उन्होंने अगले काउंटी सीजन के लिए 45 साल की उम्र में सरे की टीम के साथ करार किया है।

Image

जेम्स एंडरसन (फोटो क्रेडिट Surrey Cricket X)

लंदन: इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने गुरुवार को सरे के साथ पूरे सत्र का करार किया है जिससे वह 45 साल की उम्र में भी काउंटी क्रिकेट में अपनी काबिलियत दिखाते रहेंगे। एंडरसन ने कुछ सप्ताह पहले ही लंकाशर के साथ अपने 25 साल लंबे जुड़ाव को अलविदा कहा था।

एंडरसन ने सरे से जुड़ने पर खुशी जताते हुए कहा,'मुझे अब भी लगता है कि मेरे अंदर क्रिकेट को देने के लिए बहुत कुछ बाकी है। मैं विकेट लेना चाहता हूं और टीम को मैच जिताने में मदद करना चाहता हूं। इसके अलावा मैदान के बाहर भी मैं टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकता हूं। मैं युवा खिलाड़ियों को उनके कौशल को निखारने और भविष्य में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार करने में मदद करना चाहता हूं।'

लंकाशर से वदाई के तरीके पर जताई थी निराशा

एंडरसन ने पिछले महीने अपने बचपन की काउंटी टीम लंकाशर से विदाई के तरीके पर निराशा जताई थी। लंकाशर के घरेलू मैदान ओल्ड ट्रैफर्ड के एक स्टैंड का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। एंडरसन 2027 के घरेलू सत्र के दौरान 45 साल के हो जाएंगे। वह इंग्लैंड की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर जुलाई 2024 में समाप्त हुआ था।

टेस्ट इतिहास के हैं सबसे सफल तेज गेंदबाज

एंडरसन ने सरे के घरेलू मैदान द ओवल पर ही टेस्ट क्रिकेट में तेज गेंदबाज के रूप में सर्वाधिक विकेट लेने का ग्लेन मैक्ग्रा का रिकॉर्ड तोड़ा था। उन्होंने मोहम्मद शमी को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में अपना 564वां विकेट हासिल करने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज मैक्ग्रा के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था।

एलेक स्टीवर्ट ने जताई एंडरसन के सरे से जुड़ने पर खुशी

सरे के क्रिकेट निदेशक एलेक स्टीवर्ट ने एंडरसन जैसे अनुभवी और प्रतिभाशाली गेंदबाज को टीम से जोड़ने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा,'पिछले सत्र में चैंपियनशिप में उनके 50 विकेट इस बात का प्रमाण हैं कि वह अब भी देश के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं। जिमी अपने साथ आपार अनुभव लेकर आएंगे, जिससे हमारी टीम के सभी गेंदबाजों को सीखने का मौका मिलेगा। हमारे कई खिलाड़ियों का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जगह बनाना हैं। उन्हें जिमी के साथ अभ्यास करने, खेलने और ड्रेसिंग रूम साझा करने से काफी कुछ सीखने को मिलेगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article