वायरल न्यूज़

सरहद पार भी गूंज रहा 'म्हारा हरियाणा, कराची के बीचों-बीच बसाई गई है 'हरियाणा कॉलोनी', वीडियो वायरल

Viral Video: पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कराची स्थित 'हरियाणा कॉलोनी' की सैर कराते दिख रहे हैं। 1947 के विभाजन के लगभग 80 साल बाद भी इस इलाके का नाम 'हरियाणा कॉलोनी' और मुख्य चौराहे का नाम 'हरियाणा चौक' है।

Image

पाकिस्तान में हरियाणा कॉलोनी (तस्वीर साभार- @raziqkhan_111)

Viral Video: सरहदें जमीन पर लकीरें तो खींच सकती हैं, लेकिन सदियों पुरानी बोली, संस्कृति और जड़ों से जुड़े अपनापन को मिटा पाना आसान नहीं होता। इसकी एक बेहद दिलचस्प और भावुक कर देने वाली मिसाल इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखने को मिल रही है। आमतौर पर जब भी 'हरियाणा' का नाम आता है, तो जेहन में भारत का वह राज्य उभरता है जो अपनी ठेट बोली, पहलवानी और देसी अंदाज के लिए मशहूर है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में भी एक 'हरियाणा' बसता है? कराची की 'हरियाणा कॉलोनी' का एक वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद न केवल पाकिस्तानी बल्कि भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरानी और खुशी जता रहे हैं।

इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर रजीक खान (@raziqkhan_111) ने यह खास वीडियो साझा किया है। वीडियो की शुरुआत रजीक एक बेहद दिलचस्प अंदाज में करते हैं। गली में कुर्सी पर बैठे एक स्थानीय बुजुर्ग के पास खड़े होकर वह कहते हैं कि देखा होगा आपने इंडिया का हरियाणा, आज हम आपको दिखाएंगे कराची का हरियाणा। इसके बाद वीडियो के बैकग्राउंड में मशहूर हरियाणवी लोकगीत की धुन सुनाई देती है, जो पूरे माहौल को और भी जीवंत बना देती है। वीडियो में रजीक कॉलोनी की गलियों में घूमते हुए वहां के लोगों से गले मिलते और उनका हालचाल जानते नजर आते हैं। इस कॉलोनी के नाम के पीछे साल 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन का इतिहास छिपा है। बंटवारे की त्रासदी के दौरान लाखों परिवारों को अपना पुश्तैनी घर और जमीन छोड़कर सीमा पार जाना पड़ा था। उस दौर में हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों से पलायन कर पाकिस्तान पहुंचे कई मुस्लिम परिवारों ने कराची के इस हिस्से में अपना नया आशियाना बसाया। जगह बदली, देश बदला, लेकिन इन परिवारों ने अपनी पुरानी पहचान को नहीं छोड़ा। उन्होंने अपनी नई बस्ती को अपनी जन्मभूमि की याद में 'हरियाणा कॉलोनी' नाम दिया। करीब आठ दशक बीत जाने के बाद भी इस इलाके की पहचान इसी नाम से कायम है। वीडियो में दिखता है कि इलाके के मुख्य चौराहे को आज भी लोग 'हरियाणा चौक' के नाम से जानते हैं। देखें वीडियो...

लोग कर रहे तारीफ

अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं लोग वीडियो पर जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। कई भारतीय यूजर्स ने इस बात पर आश्चर्य जताया कि कराची में हरियाणा नाम की इतनी बड़ी बस्ती मौजूद है। एक यूजर ने लिखा कि राजनीति और सरहदें भले ही लोगों को बांट दें, लेकिन भाषा और संस्कृति का रिश्ता पीढ़ियों तक जिंदा रहता है। वहीं, कई लोगों ने वीडियो में दिख रहे सादगी भरे माहौल और आपसी भाईचारे की जमकर तारीफ की। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article