सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अनोखे दुकान का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स अपनी सोसाइटी की पहली मंजिल के फ्लैट की खिड़की से ही अपनी किराने की दुकान चला रहा है। नीचे खड़े ग्राहक उसकी दुकान के नीचे पहुंचते ही घंटी बजाते हैं। घंटी बजने के बाद ऊपर से दुकानदार झांकता है, जिसे लोग क्या लेना है, यह बताते हैं। फिर एक बाल्टी रस्सी के सहारे नीचे लटकती है। जिसमें ग्राहकों के सामान जैसे नमकीन-चिप्स आदि पड़े होते हैं। ग्राहक उन सामान को जब ले लेता है तब उस बाल्टी में पैसे वापस रख दिए जाते हैं।
नीचे बाल्टी से होती है डिलिवरी
ग्राहकों को कोई सीढ़ियां नहीं चढ़नी होती, ना ही कोई दुकान पर जाना होता है। बस एक बाल्टी और रस्सी के सहारे सारा काम हो जाता है। यह वीडियो देखकर लोग हैरान हैं कि एक खिड़की से भी दुकान चलाई जा सकती है। वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख भी रहे होंगे कि दुकानदार अपने फ्लैट की खिड़की से बाहर झांकता है। ग्राहक नीचे खड़े होकर घंटी बजाते हैं फिर दुकानदार बाल्टी में सामान (ज्यादातर स्नैक्स जैसे लेज, नमकीन आदि) रखकर रस्सी से नीचे लटकाते हैं। ग्राहक सामान निकालकर पैसे या QR कोड से पेमेंट बाल्टी में रख देते हैं और बाल्टी वापस ऊपर चली जाती है।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर इस वक्त ये दुकान खूब वायरल है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @ImMemesupplier नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 5 लाख से ज्यादा व्यूज और 4700 लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि यह दुकान सूरत के किसी रेसिडेंशियल सोसाइटी के पहले तल्ले के एक फ्लैट में खिड़की से चल रही है।
वीडियो पर लोगों का रिएक्शन
लोग वीडियो पर कमेंट कर इसे हिडन शॉप या सीक्रेट शॉप बता रहे हैं। कुछ लोग इसे बिजनेस का क्रिएटिव आइडिया भी बता रहे हैं। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "ये इंट्रोवर्ट के लिए परफेक्ट बिजनेस है। वहीं, दूसरे ने वीडियो पर सवाल उठाते हुए लिखा, "रेजिडेंशियल सोसाइटी में कमर्शियल एक्टिविटी अलाउड है क्या? बिल्डिंग सेक्रेटरी को पता है?" एक अन्य यूजर ने भी कमेंट कर पूछा कि, "क्या ये लीगल है?"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
