Gumla News: झारखंड के गुमला जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय के समीप सोमवार की रात एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। नेतरहाट घूमने गए दोस्तों की स्कूटी को एक तेज रफ्तार बॉक्साइट लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में स्कूटी समेत युवक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नेतरहाट घूमने निकले थे दोस्त
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के पंडरा शाली निवासी श्याम पूर्ति (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उसके घायल साथी का नाम विकास पूर्ति है। श्याम अपने गांव से रांची आया था जहां उसके अन्य दोस्त रहते थे। इसके बाद सभी दोस्त दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर सवार होकर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट घूमने के लिए निकले थे। सोमवार की रात करीब आठ बजे जब वे घाघरा थाना के समीप पहुंचे, तभी यह हादसा हुआ।
स्कूटी समेत 1 किलोमीटर तक घसीटता चला गया ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब श्याम और विकास घाघरा-पुटो रोड से मुख्य मार्ग पर आ रहे थे, तभी बिशुनपुर की ओर से आ रहे बॉक्साइट लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास पूर्ति सड़क पर दूर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरा युवक श्याम पूर्ति स्कूटी समेत ट्रक के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया। चालक ने ट्रक रोकने के बजाय वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी और स्कूटी को फंसाए हुए ही युवक को करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। इस हादसे में श्याम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
तीन किलोमीटर दूर ट्रक छोड़कर भागा चालक
घटना को अंजाम देने के बाद भी चालक नहीं रुका और स्कूटी को ट्रक में फंसे हालत में ही भगा ले गया। बताया जा रहा है कि चालक घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर नवडीहा के पास पहुंचा और वहां स्कूटी फंसी होने के बावजूद ट्रक को बीच सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय घाघरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना में शामिल बॉक्साइट लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल विकास पूर्ति को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
