शहर

Delhi News: बीयर का गिलास छलका, क्लब मालिक का चढ़ा पारा! बाउंसरों की बेरहमी ने छीन ली 29 साल के शख्स की जिंदगी

Delhi News: दिल्ली के एक नाइट क्लब में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां कथित तौर पर बाउंसरों की पिटाई से 29 वर्षीय दलजीत की जान चली गई। आरोप है कि बीयर की कुछ बूंदें एक युवती पर गिरने के बाद क्लब में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में पुलिस ने क्लब मालिक समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Image

परिवार का इकलौता सहारा था दलजीत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली की चकाचौंध भरी नाइट लाइफ एक बार फिर खून से रंग गई है। जहां लोग सुकून के दो पल बिताने जाते हैं, वहीं मामूली सी बात पर जान ले ली गई। थाना सराय रोहिल्ला इलाके के जखीरा पुल के पास अशोक पार्क मेट्रो के नजदीक स्थित टोर हाउस नाइट क्लब में शनिवार देर रात बाउंसरों की बेरहमी का शिकार होकर एक 29 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रघुवीर नगर के रहने वाले दलजीत के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और अपने बूढ़े पिता, पत्नी पूजा और 8 साल के मासूम बेटे का इकलौता सहारा था। अब उसके घर में मातम पसरा है और मासूम बेटा बार-बार पूछ रहा है कि पापा कहां हैं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए क्लब मालिक समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आखिर क्यों आग बबूला हो गया क्लब मालिक?

चश्मदीदों के मुताबिक, दलजीत शनिवार रात अपने सात से आठ दोस्तों के साथ टोर हाउस क्लब में पार्टी करने गया था। शनिवार होने की वजह से क्लब में काफी भीड़ थी। इसी भीड़ में धक्का लगने से बीयर का गिलास छलक गया और उसकी कुछ बूंदें क्लब मालिक के साथ आई एक लड़की पर गिर गईं। इसी मामूली सी बात पर क्लब मालिक आग बबूला हो गया। आरोप है कि उसने दलजीत के छोटे भाई के बाल पकड़ लिए और गाली-गलौज शुरू कर दी। दोस्तों ने हाथ जोड़कर, माफी मांगकर मामला शांत करने की बहुत कोशिश की, लेकिन बाउंसर बेरहमी से उनके साथ मारपीट करते रहे। एक बाउंसर बोला- तू ने क्लब के ओनर से पंगा लिया है, अब बताते हैं बदमाशी किसे कहते हैं। इसके बाद उसने अपने 15 से 20 बाउंसरों और वेटरों को बुला लिया। सभी हाथों में डंडे और कांच की बोतलें लेकर आए और पूरे ग्रुप पर टूट पड़े। क्लब मालिक के साथ मौजूद लड़की भी कांच की बोतलों से हमला कर रही थी और एक लड़का पिस्टल निकालकर लहरा रहा था, उसने सिर पर पिस्टल रखकर जेब से पैसे और दो मोबाइल फोन भी लूट लिए।

दलजीत का जबड़ा टूटा

मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि दोस्त नीचे की तरफ भागकर जान बचाने की कोशिश करने लगे, लेकिन बाउंसर उन्हें खींचकर फिर से ऊपर ले गए और फिर पीटा। इस हमले में दलजीत का जबड़ा टूट गया और वह बुरी तरह से घायल हो गया। इसके बाद उसके दोस्त निशु और पवन जैसे-तैसे उसे क्लब से निकालकर उसके घर रघुवीर नगर ले गए। घर पर जाते ही दलजीत गेट पर ही गिर पड़ा। पत्नी पूजा और दोस्तों ने उसे किसी तरह उठाकर ऊपर कमरे में लेटा दिया। हालत बिगड़ती देख परिवार और दोस्त उसे तुरंत रघुवीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि घटना के दौरान उन्होंने पीसीआर कॉल किया था, लेकिन पीसीआर वैन क्लब के नीचे आकर बिना जांच किए ही लौट गई।

क्लब मालिक समेत कई आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

सूचना पर सराय रोहिल्ला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्लब में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को जब्त कर लिया है और फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कर क्लब मालिक सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं दूसरी ओर पुलिस यह भी पता लगा रही है कि टोर हाउस के पास देर रात तक नाइट क्लब चलाने की वैध परमिशन थी या नहीं, इसको लेकर एक्साइज और लाइसेंसिंग ब्रांच से भी रिकॉर्ड मांगा गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद दलजीत के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article