वायरल न्यूज़

Viral Video: शराब के नशे में धुत हुई बंदरिया, बोतल गटकी और फिर दुकान में खूब मचाया उत्पात

एक शराब की दुकान में घुसी बंदरिया ने शराब की पूरी बोतल पी ली। नशे में उसने दुकान में हंगामा किया। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

दुकान में घुसकर बंदरिया ने खूब मचाया उत्पात (Instagram/@raj.akumar1810)

आमतौर पर शराब की दुकान पर इंसानों की भीड़ दिखाई देती है, लेकिन अगर अचानक कोई बंदरिया वहां पहुंच जाए तो नजारा कैसा होगा? कुछ ऐसी ही घटना का एक वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो झारखंड की राजधानी रांची की बताई जा रही है। वीडियो में बताया गया है कि यहां एक बंदरिया अचानक शराब की दुकान में घुस गई और देखते ही देखते शराब की पूरी बोतल गटक गई। इसके बाद उसने दुकान में ऐसा हंगामा किया कि कर्मचारियों के भी होश उड़ गए।

शराब की दुकान में घुसी बंदरिया

यह मामला रांची के ओरमांझी इलाके के ब्लॉक चौक स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की शराब की दुकान का बताया जा रहा है। घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे की है। दुकान में उस समय कर्मचारी अपना काम कर रहे थे, तभी एक बंदरिया अचानक काउंटर के अंदर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि बंदरिया ने दुकान में रखी शराब की बोतलों में से ‘मैजिक मोमेंट्स’ की एक क्वार्टर बोतल उठा ली। इसके बाद उसने पूरी बोतल पी ली। शराब पीने के कुछ देर बाद उसका असर भी दिखाई देने लगा। बंदरिया दुकान के फर्श पर ही बेसुध होकर लेट गई।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

होश आने पर खूब मचाया उत्पात

कुछ समय बाद जब उसे होश आया तो उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह दुकान में इधर-उधर घूमने लगी और वहां रखी शराब की बोतलों को गिराने लगी। कर्मचारियों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन बंदरिया और ज्यादा उग्र हो गई। इसी दौरान उसने दुकान के एक कर्मचारी को काट लिया। इसके बाद दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह कर्मचारियों ने खुद को उससे दूर किया और पुलिस को सूचना दी।

बंदरिया को लेने मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम

मामले की जानकारी मिलने के बाद ओरमांझी थाना पुलिस को बुलाया गया। साथ ही पास स्थित भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान (बिरसा जू) की रेस्क्यू टीम को भी सूचना दी गई। कुछ ही देर में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी सावधानी के साथ बंदरिया को जाल की मदद से पकड़ा और उसे सुरक्षित तरीके से अपने साथ जैविक उद्यान ले गई। वहां उसकी देखभाल और जरूरी उपचार किया जा रहा है।

वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

इस पूरी घटना ने आसपास के लोगों को हैरान कर दिया। शराब की दुकान में बंदरिया का पहुंचना और फिर बोतल पीने के बाद उसका उत्पात मचाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब वायरल है। हमने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले @raj.akumar1810 नामक अकाउंट से लिया है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article