Amarnath Yatra 2026: हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा पर निकलते हैं। यह यात्रा केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य को करीब से महसूस करने का भी अवसर देती है। बर्फ से ढके पहाड़, हरे-भरे मैदान, झरने, नदियां और घाटियां इस सफर को जिंदगी भर की याद बना देते हैं। अगर आप भी इस साल अमरनाथ यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो रास्ते में पड़ने वाली इन खूबसूरत जगहों को देखने का मौका बिल्कुल न गंवाएं। आज हम आपको अमरनाथ की पवित्र यात्रा (Amarnath Yatra Tips) के बीच आने वाले 5 शानदार जगहों के बारे में बताएंगे।
कब से कब तक चलेगी अमरनाथ यात्रा?
श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ 3 जुलाई 2026 से होगा। 57 दिनों तक चलने वाली यह पवित्र यात्रा 28 अगस्त 2026, रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
1. पहलगाम
अमरनाथ यात्रा के पुराने मार्ग की शुरुआत पहलगाम से होती है। लिद्दर नदी के किनारे बसा यह खूबसूरत हिल स्टेशन अपने शांत वातावरण और प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है। यहां की ठंडी हवाएं, देवदार के घने जंगल और बर्फीली चोटियां हर यात्री का मन मोह लेती हैं। पहलगाम में कुछ समय बिताकर यात्रा की शुरुआत करना एक शानदार अनुभव हो सकता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें : रथ यात्रा 2026: कैसे करें अपने टूर की प्लानिंग
2. चंदनवाड़ी
अमरनाथ यात्रा में पहलगाम से आगे बढ़ने पर चंदनवाड़ी स्थान आता है, जो अमरनाथ यात्रा का अहम पड़ाव माना जाता है। यहां से ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और आसपास फैली बर्फ एक अलग ही दृश्य पेश करती है। गर्मियों के मौसम में भी यहां कई जगह बर्फ देखने को मिल जाती है। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
3. शेषनाग झील
शेषनाग झील अमरनाथ यात्रा के सबसे आकर्षक पड़ावों में गिनी जाती है। समुद्र तल से लगभग 12,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह झील अपने गहरे नीले पानी और चारों ओर फैले बर्फीले पहाड़ों के कारण बेहद मनमोहक दिखाई देती है। धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ इसकी प्राकृतिक सुंदरता भी यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर देती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें : मानसून में उत्तराखंड ट्रिप में बरतें ये जरूरी सावधानियां
4. पंचतरणी
अमरनाथ गुफा से पहले पड़ने वाला पंचतरणी बेहद खूबसूरत स्थान है। मान्यता है कि यहां पांच पवित्र जलधाराएं बहती हैं। चारों ओर फैले ऊंचे पर्वत और खुले मैदान इस जगह को और भी खास बना देते हैं। यहां का शांत वातावरण यात्रियों को मानसिक सुकून का एहसास कराता है।
5. बालटाल
जो श्रद्धालु छोटे मार्ग से यात्रा करना चाहते हैं, उनके लिए बालटाल प्रमुख बेस कैंप है। यहां से अमरनाथ गुफा की दूरी अपेक्षाकृत कम होती है। सिंध नदी के किनारे बसा यह इलाका ऊंचे पहाड़ों, हरी घाटियों और बादलों से घिरे नजारों के लिए प्रसिद्ध है। रोमांच पसंद करने वाले यात्रियों को यह जगह खास तौर पर पसंद आती है।
