Preetika Rao Wedding at Art Of Living Ashram: शादी के लिए खूबसूरत जगह चुनने की बात हो तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में बड़े होटल, शानदार रिसॉर्ट और आलीशान मैरिज हॉल आते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि किसी शांत और आध्यात्मिक जगह पर भी शादी का जश्न इतना खास हो सकता है? कुछ ऐसा ही देखने को मिला एक्ट्रेस अमृता राव की बहन प्रीतिका राव की शादी में। टीवी शो 'बेइंतहा' से पहचान बनाने वाली प्रीतिका ने बैंगलुरु के आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में शादी की।
इस शादी की सबसे खूबसूरत बात सिर्फ इसका पारंपरिक अंदाज नहीं, बल्कि इसका शांत और प्राकृतिक माहौल भी रहा। यहां की हरियाली और आध्यात्मिक वातावरण इसे आम वेडिंग वेन्यू से अलग बनाते हैं। अगर आप भी ऐसे किसी स्थान पर शादी करने का सपना देखते हैं, तो यह जगह आपके लिए बेहतरीन हो सकती है। देखें आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर कैसे पहुंचे, आर्ट ऑफ लिविंग में शादी कर सकते हैं।
प्रीतिका राव ने चुना आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर
प्रीतिका राव ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करके फैंस को खुशखबरी दी। इस खास मौके पर उनके परिवार, रिश्तेदार और करीबी दोस्त मौजूद थे। आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर भी शादी में शामिल हुए और उन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया कि शादी एक पारंपरिक तमिल-ब्राह्मण परिवार में हुई है, जिसकी कई सांस्कृतिक परंपराएं उनकी मंगलोरियन जड़ों से मिलती-जुलती हैं।
आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर की खासियत
बैंगलुरु का आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर कनकपुरा रोड पर स्थित है। यह जगह केवल ध्यान और योग के लिए ही नहीं, बल्कि अपने प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के लिए भी जानी जाती है।
- चारों तरफ हरियाली और खूबसूरत प्राकृतिक नजारे हैं।
- यहां प्रसिद्ध विशलाक्षी मंडप जैसी आकर्षक वास्तुकला देखने को मिलती है।
- परिसर में ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए विशेष स्थान हैं।
- शादी, पारिवारिक समारोह और अन्य कार्यक्रमों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
- शहर की भागदौड़ से दूर यहां सुकून भरा माहौल मिलता है।
- इस जगह की सबसे अच्छी बात यह है कि यहां शादी को केवल एक भव्य आयोजन के बजाय एक शांत और यादगार पारिवारिक अनुभव बनाया जा सकता है।
आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर कैसे पहुंचें?
इसका पता है: 21वां किलोमीटर, कनकपुरा रोड, उदयपुरा, बैंगलुरु, कर्नाटक-560082।
कैसे पहुंचे
फ्लाइट से: केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टैक्सी या कैब लेकर सीधे सेंटर पहुंच सकते हैं। यहां से KIA-5D नाम की BMTC बस भी सीधे परिसर तक जाती है। बस का समय पहले जांच लें।
ट्रेन से: बेंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन यानी मैजेस्टिक से बस या मेट्रो के जरिए बनशंकरी पहुंच सकते हैं। वहां से कनकपुरा रोड की बस लेकर आश्रम बस स्टॉप पर उतर सकते हैं।
कैब से: शहर के किसी भी हिस्से से Ola, Uber या अन्य कैब सेवा लेकर आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर पहुंचना आसान है।
आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधाएं हैं। यहां खुले स्थान, बड़े हॉल और खूबसूरत प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध हैं। हालांकि शादी की बुकिंग, मेहमानों की क्षमता, खानपान और उपलब्ध तारीखों की जानकारी प्रबंधन से पहले ही लेनी चाहिए।
