Earth's Most colorful Island: दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं, जिनकी खूबसूरती देखकर लगता है कि शायद इन्हें किसी कलाकार ने अपने हाथों से बनाया है। कहीं पहाड़ लाल रंग के दिखाई देते हैं, तो कहीं जमीन पर पीले, बैंगनी और हरे रंग की परतें नजर आती हैं। लेकिन क्या आपने कभी ऐसे द्वीप के बारे में सुना है, जहां एक ही जगह पर इतने सारे प्राकृतिक रंग देखने को मिलते हैं? ईरान का हॉर्मूज़ द्वीप कुछ ऐसा ही अनोखा नजारा पेश करता है। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज़ में स्थित यह छोटा-सा द्वीप अपने रंगीन पहाड़ों, लाल समुद्र तट, नमक की झीलों और चमकती रेत के लिए मशहूर है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 2027 में घूमने-फिरने का बदलेगा अंदाज! सामने आएंगे ट्रैवल के 6 अजीबोगरीब ट्रेंड
ट्रैवलर और यूट्यूबर अनस खान (Anas Khan) ने अपने ट्रैवल ब्लॉग में इस खूबसूरत द्वीप की ऐसी कई जगहों को दिखाया है, जिन्हें देखकर आप भी यहां घूमने का मन बना लेंगे। कहीं पहाड़ इंद्रधनुष जैसे नजर आते हैं, तो कहीं समुद्र की लहरें रात में नीली रोशनी से चमकती हैं। आइए जानते हैं इस अनोखे आइलैंड की खासियत।
42 वर्ग किलोमीटर में बसा है रंगों का संसार
हॉर्मूज़ द्वीप लगभग 42 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यहां करीब 5,500 लोग रहते हैं और आबादी का बड़ा हिस्सा द्वीप के सीमित क्षेत्र में बसा है। बाकी जगहों पर रेगिस्तानी जमीन और रंग-बिरंगे पहाड़ दिखाई देते हैं।
यहां भारी गाड़ियों की जगह स्थानीय तीन पहियों वाले टुक-टुक से घूमना ज्यादा आम है। यहां की संस्कृति को बंदरी कल्चर कहा जाता है। स्थानीय महिलाएं पारंपरिक चेहरे के मास्क पहनती हैं और मछली पकड़ना लोगों के जीवन का अहम हिस्सा है।
सफेद नमक के पहाड़ और अनोखी झीलें
हॉर्मूज़ पहुंचते ही सफेद नमक के विशाल पहाड़ आपका ध्यान खींचते हैं। इन पहाड़ों के बनने के पीछे लाखों साल पुरानी भूगर्भीय प्रक्रिया है। समुद्र के नीचे जमा नमक टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल और जमीन के दबाव के कारण ऊपर आ गया।
यहां नमक की सफेद चट्टानों और रंगीन झीलों का नजारा बेहद अलग दिखाई देता है। कुछ जगहों की बनावट ऐसी लगती है, मानो आप पृथ्वी पर नहीं बल्कि मंगल ग्रह पर पहुंच गए हों।
लाल पहाड़ और लाल रंग का समुद्र तट
हॉर्मूज़ का रेड बीच इस द्वीप की सबसे खास जगहों में शामिल है। यहां की मिट्टी में आयरन ऑक्साइड की अधिक मात्रा होने के कारण इसका रंग गहरा लाल दिखाई देता है।

Red Mountain Hormuz (Photo Credit - Mohammed Anas Khan)
स्थानीय लोग इस लाल मिट्टी को 'गुलाक' कहते हैं। अनस खान अपने वीडियो में बताते हैं कि स्थानीय महिलाएं इसका इस्तेमाल पारंपरिक सौंदर्य प्रसाधन के रूप में करती हैं। इतना ही नहीं, इसका उपयोग सुराग नाम की स्थानीय चटनी बनाने में भी किया जाता है। लाल पहाड़ों और नीले समुद्र का मेल यहां का नजारा और खूबसूरत बना देता है।
रेनबो वैली में दिखते हैं 15 से ज्यादा रंग
अगर हॉर्मूज़ को रंगों का द्वीप कहा जाए तो गलत नहीं होगा। यहां की रेनबो वैली में 15 से अधिक प्राकृतिक रंगों के पहाड़ देखने को मिलते हैं। लाल रंग आयरन ऑक्साइड, पीला रंग सल्फर और सफेद रंग नमक व जिप्सम के कारण दिखाई देता है।
वहीं काली चट्टानों के पीछे ज्वालामुखीय खनिजों का योगदान है। इसके अलावा बैंगनी और हरे रंग की परतें भी इस घाटी को बेहद खास बनाती हैं। ऐसा लगता है जैसे किसी ने पहाड़ों पर रंगों की पेंटिंग बना दी हो।
गोल्डन रिवर और सैफरॉन वैली का अनोखा नजारा
हॉर्मूज़ की सैफरॉन वैली भी पर्यटकों को खूब आकर्षित करती है। यहां सल्फर और आयरन जैसे खनिजों के कारण जमीन और पानी के कुछ हिस्सों में सुनहरा-पीला रंग दिखाई देता है। इसी वजह से इसे गोल्डन रिवर के नाम से जाना जाता है। यहां मौजूद नमक की संरचनाएं भी काफी आकर्षक हैं। स्थानीय स्तर पर कुछ नमक वाली जगहों को मेडिटेशन और थेरेपी से जोड़कर देखा जाता है।

Golden River (Photo Credit - Mohammed Anas Khan)
सिल्वर बीच पर रात में चमकता है समुद्र
हॉर्मूज़ की सिल्वर बीच इस द्वीप का एक और अद्भुत आकर्षण है। यहां की रेत में मौजूद खनिजों और चमकीले कणों के कारण समुद्र तट चांदी की तरह चमकता दिखाई देता है। इस जगह की खूबसूरती रात में और बढ़ जाती है। सर्दियों के दौरान दिसंबर और जनवरी में समुद्र की लहरों में बायोलुमिनिसेंट प्लैंकटन के कारण नीली रोशनी दिखाई दे सकती है। लहरों के साथ चमकती यह रोशनी किसी जादुई दुनिया जैसा अनुभव देती है।
