पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को धूरी में आयोजित छठ महापर्व समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की पहचान उसकी एकता, सांप्रदायिक सद्भावना और आपसी भाईचारे की भावना से है। जब अलग-अलग समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहार मिल-जुलकर मनाते हैं, तो आपसी सम्मान और विश्वास का रिश्ता और मजबूत होता है।
समारोह को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि पूरे पंजाब में हजारों लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं। उन्होंने छठी मैया और सूर्य देव से सभी के जीवन में शांति, स्वास्थ्य और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक भी है।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन के हर चरण और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान का संदेश देती है। यह त्योहार स्वच्छता, संयम और प्रकृति के साथ जुड़ाव की सीख भी देता है।
पंजाब की तरक्की में प्रवासी परिवारों का योगदान
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार और पूर्वांचल से आकर पंजाब में बसे लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रवासी भाई-बहन कृषि, उद्योग, व्यापार और निर्माण सहित कई क्षेत्रों में अपनी मेहनत और लगन से राज्य की तरक्की में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों के साथ पंजाब का रिश्ता केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सांस्कृतिक साझेदारी, प्रेम, विश्वास और भाईचारे पर आधारित है।सीएम मान ने बताया कि राज्य सरकार ने छठ पूजा के आयोजन के लिए पूरे पंजाब में 104 स्थानों की पहचान की है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं। उन्होंने प्रवासी परिवारों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अच्छे स्कूलों के माध्यम से हर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रयासरत है। अंत में उन्होंने सभी से छठ पर्व को प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाने की अपील की।
