देश

गोवा में भाजपा के खिलाफ विपक्षी मोर्चेबंदी, कांग्रेस और GFP के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत शुरू

Goa Elections 2027: कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने गोवा विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन को लेकर बातचीत शुरू की। इस बैठक में एआईसीसी के गोवा मामलों के प्रभारी माणिकराव ठाकरे और जीएफपी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई शामिल हुए।

Image

जीएफपी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: @VijaiSardesai)

Photo : Twitter

Goa Elections 2027: कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) ने अगले साल होने वाले गोवा विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन को लेकर रविवार को बातचीत शुरू की। दोनों दलों के नेताओं के बीच हुई बैठक में सीटों के बंटवारे पर भी चर्चा हुई।

बता दें कि दोनों दलों ने 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव में गठबंधन करके चुनाव लड़ा था और 40 सदस्यीय विधानसभा में कुल 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि, भाजपा 20 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और उसने राज्य में सरकार बनाई।

सीट बंटवारे पर हुई चर्चा

दोनों दलों के नेताओं ने बताया कि पणजी में हुई बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के गोवा मामलों के प्रभारी माणिकराव ठाकरे और जीएफपी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई शामिल हुए। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान मुख्य रूप से सीट के बंटवारे और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की गई। ठाकरे ने कहा, ''सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई। दोनों पक्ष बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं।'' उन्होंने बताया कि बैठक में विधानसभा की छह सीट के लिए जीएफपी की कथित मांग पर कोई चर्चा नहीं हुई।

कब होगी अगली बैठक?

ठाकरे ने बताया कि दोनों दलों के नेता जल्द ही दोबारा मुलाकात करेंगे, और इस बार कांग्रेस अध्यक्ष की मौजूदगी में बातचीत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस ने 'रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी' (RGP) के साथ दो दौर की बातचीत की है और चुनावों से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिशों के तहत एक और बैठक तय की गई है।

सरदेसाई ने कांग्रेस के साथ बातचीत सकरात्मक होने का दावा करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) और अन्य दलों से भी अपील की कि वे 2027 के चुनावों में भाजपा को हराने के लिए एक साझा मंच पर एकजुट हों।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article