क्रिकेट

अफगानिस्तान क्रिकेट पर संकट के बादल? तालिबान ने लगाया बैन, कंधार में रेडियो पर नहीं चलेगी कमेंट्री और न्यूज

Taliban Bans Cricket: तालिबान अधिकारियों ने दक्षिणी प्रांत कंधार में रेडियो स्टेशनों को क्रिकेट से जुड़ा कोई भी कंटेंट प्रसारित करने से रोक दिया है। यह निर्देश प्रांतीय सूचना और संस्कृति विभाग की ओर से शनिवार को रेडियो स्टेशनों को जारी किया गया।

Image

अफगानिस्तान टीम (फोटो साभार- AP)

Taliban Bans Cricket: क्रिकेट अफगानिस्तान का सबसे लोकप्रिय खेल है, लेकिन अब उसी खेल पर तालिबान ने पाबंदी लगा दी है। खबरों के मुताबिक, दक्षिणी प्रांत कंधार में तालिबान अधिकारियों ने रेडियो स्टेशनों को क्रिकेट से जुड़ा कोई भी कंटेंट प्रसारित करने से रोक दिया है। इस आदेश के बाद फैंस के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं। फ्रांस की समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, यह निर्देश प्रांतीय सूचना और संस्कृति विभाग की ओर से शनिवार को रेडियो स्टेशनों को जारी किया गया। इसमें साफ कहा गया है कि अब क्रिकेट से जुड़ी कोई भी चीज प्रसारित नहीं की जाएगी।

तालिबान ने क्रिकेट को लेकर जारी किया फरमान

विभाग के एक सूत्र ने AFP से कहा, "कमेंट्री और न्यूज कवरेज दोनों पर रोक है। यहां तक कि उनकी जीत की खबर भी नहीं दिखा सकते।" टाइम्स नाउ नवभारत ने इस आदेश पर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) से प्रतिक्रिया मांगी है, लेकिन बोर्ड की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। तालिबान ने पहले मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) जैसे खेलों पर बैन लगाया था, लेकिन पुरुषों और लड़कों को क्रिकेट खेलने की अनुमति दी हुई थी। हालांकि महिलाओं और लड़कियों पर सभी तरह के खेलों पर पूरी तरह से पाबंदी है।

तालिबान ने महिला क्रिकेट पर लगाया है बैन

महिला क्रिकेट को लेकर तालिबान का रुख अफगान क्रिकेट के विकास में बड़ी बाधा बना हुआ है। इसी वजह से इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड समेत कई बड़े क्रिकेट देश अफगानिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार कर चुके हैं। हालांकि ICC इवेंट्स में ये टीमें अफगानिस्तान के खिलाफ खेलती रहती हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिस वक्त कंधार में यह बैन लगा है, उसी वक्त अफगानिस्तान की टीम शारजाह, UAE में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेल रही है। व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अफगान टीम ने पिछले कुछ सालों में शानदार प्रदर्शन किया है और दुनिया भर में उसके फैंस की संख्या तेजी से बढ़ी है।

क्या अफगानिस्तान क्रिकेट पर लगेगा बैन?

फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह आदेश सिर्फ कंधार तक सीमित रहेगा या पूरे अफगानिस्तान में लागू होगा। लेकिन कंधार जैसे क्रिकेट प्रेमी प्रांत में इस फैसले से फैंस में भारी नाराजगी है। फैंस सोशल मीडिया पर पूछ रहे हैं कि जब मैदान पर टीम खेल रही है तो रेडियो पर उसकी खबर क्यों नहीं सुन सकते?

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article