भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं, जिनका रिश्ता सिर्फ प्रकृति से नहीं, बल्कि हमारी पौराणिक कहानियों से भी जुड़ा हुआ है। महाराष्ट्र का नासिक ऐसा ही एक शहर है, जहां घूमने का मतलब सिर्फ मंदिरों के दर्शन करना नहीं, बल्कि रामायण के कई प्रसंगों को करीब से महसूस करना भी है। यहां गोदावरी नदी के किनारे बसा पंचवटी और इसके पास मौजूद तपोवन अपनी हरियाली, शांत वातावरण और धार्मिक महत्व के लिए प्रसिद्ध हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - नवंबर में भारत की इन 5 जगहों का नजारा होता है सबसे खूबसूरत
मान्यता है कि भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण ने वनवास के दौरान इस क्षेत्र में समय बिताया था। इसी तपोवन में लक्ष्मण द्वारा रावण की बहन शूर्पणखा की नाक काटे जाने की घटना भी जोड़ी जाती है। रामायण पर आधारित फिल्मों और धारावाहिकों में दिखाई जाने वाली वनभूमि की कल्पना करते समय इस जगह का नाम जरूर याद आता है। अगर आप इतिहास, प्रकृति और धार्मिक पर्यटन पसंद करते हैं, तो तपोवन की सैर खास अनुभव हो सकती है।
कौनसी जगह है ये
महाराष्ट्र के नासिक शहर में पंचवटी के पास स्थित तपोवन एक प्रसिद्ध धार्मिक और प्राकृतिक स्थल है। इसका नाम दो शब्दों तप और वन से मिलकर बना है। पुराने समय में इसे साधना और तपस्या के लिए उपयुक्त स्थान माना जाता था।
गोदावरी और कपिला नदी का संगम
तपोवन की खूबसूरती बढ़ाने में यहां की नदियों और आसपास के प्राकृतिक वातावरण की बड़ी भूमिका है। गोदावरी और कपिला नदियों का संगम इस क्षेत्र का खास आकर्षण है। यहां आने वाले श्रद्धालु नदी के किनारे कुछ समय बिताते हैं और आसपास के मंदिरों में दर्शन करते हैं।
आस पास घूमने की जगह
अगर आप नासिक, पंचवटी या तपोवन जा रहे हैं, तो आस पास कई जगहों पर सैर कर सकते हैं। पंचवटी में स्थित कालाराम मंदिर भगवान राम को समर्पित है। वहीं रामकुंड गोदावरी नदी के किनारे बना प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। इसके अलावा समय मिलने पर त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन भी कर सकते हैं।
कैसे पहुंचें
तपोवन महाराष्ट्र के नासिक शहर में स्थित है। आप ट्रेन से नासिक रोड रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं। वहां से टैक्सी, ऑटो या स्थानीय परिवहन की मदद से पंचवटी और तपोवन जा सकते हैं। सड़क मार्ग से भी नासिक मुंबई और पुणे जैसे शहरों से जुड़ा हुआ है।
यहां घूमने के लिए सुबह या शाम का समय अच्छा रह सकता है। इस दौरान मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहता है और आसपास के वातावरण को आराम से देख सकते हैं।
