बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। पिछले तीन हफ्तों में तीसरी बार चक्रवात बनने की आशंका के बीच ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है। खासतौर पर दक्षिणी और तटीय इलाकों में प्रशासन को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि अक्टूबर में चक्रवात अर्नब ने दक्षिणी जिलों में भारी तबाही मचाई थी, जबकि इसी महीने चक्रवात मुरासु के कारण भी कई इलाकों में बारिश हुई थी। इन दोनों के कारण हुई तबाही को देखते हुए सरकार इस बार पहले से ही एहतियाती कदम उठा रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने अभी संभावित चक्रवात के तट से टकराने यानी लैंडफॉल को लेकर कोई पूर्वानुमान जारी नहीं किया है।
16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदल सकता है सिस्टम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र गहरे अवदाब (डिप्रेशन) में बदल गया है। रविवार सुबह 8:30 बजे तक यह सिस्टम तीन घंटे में करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा था। इसका केंद्र ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 1,130 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित था।मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर को दक्षिण और उससे सटे मध्य-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद 17 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। अगले दो दिनों के दौरान इसके और तीव्र होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने का अनुमान है।
सभी जिलों में 24 घंटे कंट्रोल रूम, NDRF और ODRAF तैयार
संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा के सभी जिलों में 24 घंटे सक्रिय रहने वाले कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के जवानों को बचाव और राहत कार्यों के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
गंजाम में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, किसानों को फसल काटने की सलाह
गंजाम के जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। पिछले चक्रवात अर्नब और उसके बाद आई बाढ़ से मिले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए राहत एवं बचाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। एहतियात के तौर पर शनिवार और रविवार को अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। प्रशासन ने किसानों को सलाह दी है कि 18 और 19 नवंबर को संभावित बारिश से पहले अपनी तैयार फसल काट लें। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों और चक्रवात आश्रय स्थलों में पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों को इन आश्रय स्थलों पर पीने का पानी, भोजन, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता जांचने के निर्देश दिए गए हैं।
