Mysterious Space Object: अनंत रहस्यों से भरे हुए अंतरिक्ष में कई ऐसे सवाल घूम रहे हैं, जिनके बारे में वैज्ञानिक जानना तो चाहते हैं, लेकिन कोई भी जानकारी वह जुटा नहीं पा रहे। हालांकि, अत्याधुनिक और विशालकाय टेलीस्कोप की मदद से अंतरिक्ष की गहराइयों में छिपे रहस्यों से पर्दा उठाने की कोशिशें हो रही हैं। इसी कड़ी में एक ऐसे रहस्यमयी सिग्नल ने वैज्ञानिकों की नींद उड़ाई हुई है, जो हर 62.2 मिनट के अंतराल में रेडियो तरंगों का शक्तिशाली विस्फोट करता था, लेकिन अचानक शांत हो गया।
नहीं सुलझा रहस्य
अबतक वैज्ञानिक इस रहस्यमयी स्त्रोत की पहचान नहीं कर पाए हैं। इस खोज ने एक बार फिर अंतरिक्ष में मौजूद उन अज्ञात पिंडों की ओर ध्यान खींचा है, जिन्हें वैज्ञानिक 'लॉन्ग पीरियड ट्रांजिएंट्स' (Long-Period Transients यानी LPTs) कहते हैं। ये ऐसे खगोलीय स्रोत हैं, जो लंबे अंतराल पर बेहद शक्तिशाली रेडियो सिग्नल छोड़ते हैं और फिर अचानक गायब हो जाते हैं।
20 साल पुरानी खोज ने खींचा ध्यान
यह कहानी सितंबर 2002 में तब शुरू हुई जब अमेरिका के स्वीट ब्रायर कॉलेज के खगोलविद स्कॉट हाइमन और उनकी टीम को मिल्की वे के केंद्र की दिशा से रेडियो तरंगों के पांच शक्तिशाली विस्फोट मिले थे। ये सिग्नल हर 77 मिनट के अंतराल पर आ रहे थे। इसके बाद स्रोत अचानक शांत हो गया।
वैज्ञानिक स्कॉट हाइमन ने लंबे समय तक ऐसे दूसरे स्रोत की तलाश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और उन्होंने धीरे-धीरे दूसरे शोध में जुट गए। हालांकि, 20 साल बाद, साल 2022 में, एक बार फिर उनकी नजर रेडियो टेलीस्कोप के पुराने आंकड़ों पर पड़ी। इस बार एक ऐसा स्रोत मिला, जो हर 62.2 मिनट में शक्तिशाली रेडियो सिग्नल भेज रहा था। यह संकेत भी कुछ समय बाद गायब हो गया।
साइंस अलर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नए स्रोत को LPT J1555-5631 नाम दिया गया। शोधकर्ताओं ने पुराने आंकड़ों की जांच की तो पता चला कि दक्षिण अफ्रीका में स्थित MeerKAT रेडियो टेलीस्कोप ने इसे रिकॉर्ड किया था। ऑस्ट्रेलिया के ASKAP टेलीस्कोप के करीब 10 घंटे लंबे अवलोकन ने भी इसके 62 मिनट के नियमित अंतराल की पुष्टि की।
क्या हैं लॉन्ग पीरियड ट्रांजिएंट्स?
लॉन्ग पीरियड ट्रांजिएंट्स अंतरिक्ष में पाए जाने वाले ऐसे रहस्यमयी रेडियो स्रोत हैं, जो नियमित लेकिन काफी लंबे अंतराल पर रेडियो तरंगों के शक्तिशाली विस्फोट करते हैं। इनकी खासियत यह है कि इनके सिग्नल कुछ मिनटों से लेकर कई घंटों के अंतराल पर दोबारा दिखाई दे सकते हैं। सामान्य रेडियो पल्स देने वाले खगोलीय पिंडों की तुलना में इनकी गति काफी धीमी होती है।
इस श्रेणी की पहचान को स्थापित करने वाली प्रमुख खोज GLEAM-X J1627-5235 थी। इसे 2018 में देखा गया था और 2022 में इसकी जानकारी सार्वजनिक की गई। इसके बाद मिल्की वे के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे करीब एक दर्जन रहस्यमयी रेडियो स्रोत सामने आ चुके हैं। इनमें वर्ष 2002 में स्कॉट हाइमन द्वारा देखा गया GCRT J1745-3009 भी शामिल है, जिसे बाद में इसी श्रेणी से जोड़ा गया।
कहां से आ रहे रहस्यमयी रेडियो सिग्नल
वैज्ञानिकों के सामने सबसे बड़ा 'यक्ष प्रश्न' यही है कि आखिर ऐसे सिग्नल किस तरह के खगोलीय पिंड से निकल रहे हैं। हालांकि, इसकी कोई पुख्ता जानकारी तो नहीं मिली, लेकिन माना जा रहा है कि पल्सर (Pulsars), मैग्रेटार (Magnetars) या व्हाइट ड्वार्फ (White Dwarfs) से रेडियो सिग्नल आ सकते हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि LPTs के बीच का अंतराल इतना लंबा है कि आप यह सुनिश्चित नहीं कर पाएंगे कि मुख्यत: वह किस स्त्रोत से आ रहे हैं।
Mysterious Space Object
पल्सर: पल्सर तेजी से घूमने वाले न्यूट्रॉन तारे हैं और इनसे निकलने वाली रेडियो तरंगें अंतरिक्ष में प्रकाश स्तंभ की तरह घूमती रहती हैं। जब ये तरंगें पृथ्वी की दिशा में आती हैं, तो हमें नियमित रेडियो पल्स दिखाई देते हैं।
मैग्नेटार: मैग्नेटार भी न्यूट्रॉन तारे होते हैं, लेकिन इनका चुंबकीय क्षेत्र बेहद शक्तिशाली होता है। इनके चुंबकीय क्षेत्र में होने वाले बदलाव से रेडिएशन के तेज विस्फोट पैदा हो सकते हैं। हालांकि, LPTs के लंबे पल्स अंतराल को समझना अभी भी चुनौती है।
व्हाइट ड्वार्फ: जब सूर्य जैसे तारे अपना ईंधन समाप्त कर लेते हैं, तो उनके पीछे बचा घना अवशेष व्हाइट ड्वार्फ कहलाता है। ये न्यूट्रॉन स्टार की तुलना में बड़े होते हैं और अपेक्षाकृत धीमी गति से घूम सकते हैं। यदि इनके आसपास कोई साथी तारा मौजूद हो, तो दोनों के बीच होने वाली पारस्परिक क्रिया से शक्तिशाली रेडियो सिग्नल पैदा हो सकते हैं। कुछ LPTs का संबंध ऐसी बाइनरी प्रणालियों से भी जोड़ा जा चुका है।
फिलहाल वैज्ञानिकों के पास ऐसा कोई निर्णायक प्रमाण नहीं है, जिससे यह कहा जा सके कि सभी LPTs एक ही तरह के खगोलीय पिंड हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: आखिर क्या होते हैं आफ्टरशॉक? क्यों बार-बार डोलने लगती है धरती
वैज्ञानिकों को मिली नई पहेली
LPT J1555-5631 की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह हर 62.2 मिनट के चक्र में केवल एक बार नहीं, बल्कि दो अलग-अलग रेडियो पल्स भेजता था। इनमें से एक पल्स की अवधि दूसरी से ज्यादा थी, लेकिन दोनों की अधिकतम चमक लगभग समान थी। इससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात इन रेडियो तरंगों का ध्रुवीकरण (Polarization) था। दोनों पल्स की गोलाकार ध्रुवण दिशा एक-दूसरे के विपरीत थी। यानी एक पल्स की रेडियो तरंगें जिस दिशा में घूमती हुई दिखाई देती थीं, दूसरी पल्स की तरंगें उसके उलट दिशा में घूमती थीं।
क्यों गायब हो रहे रहस्यमयी पिंड?
वैज्ञानिकों के सामने LPTs को लेकर एक और बड़ा सवाल यह है कि यह पिंड नियमित अंतराल पर रेडियो सिग्नल भेजने के बाद अचानक गायब क्यों हो जाते हैं? LPT J1555-5631 की दोबारा पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि, GCRT J1745-3009 सहित कुछ अन्य LPTs में बाद के समय में फिर से रेडियो गतिविधि देखी गई है।
स्कॉट हाइमन का मानना है कि इन पिंडों की गतिविधियों में होने वाले बदलाव का संबंध उनके आसपास मौजूद मैग्नेटोस्फीयर यानी चुंबकीय क्षेत्र से हो सकता है। हालांकि, इस रहस्य को समझने के लिए ऐसे और खगोलीय स्रोतों की खोज जरूरी है। वैज्ञानिकों का मानना है कि भविष्य में ऐसे और LPTs की जब पहचान होगी तो उससे इनकी संरचना और सिग्नल स्त्रोत के बारे में बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा। फिलहाल यह गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ सकी है।
