इमरान खान

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान का जन्म 5 अक्टूबर 1952 को लाहौर में हुआ था। पश्तून परिवार में जन्म लेने वाले इमरान खान के पिता का नाम इकरामुल्ला खान नियाजी और मां का नाम शौकत खानूम है। 4 बहनों के भाई इमरान की शुरूआती पढ़ाई लाहौर में हुई। और बाद में उनका 1972 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के कैबल कॉलेज में एडमिशन हुआ और वहां से उन्होंने दर्शनशास्त्र, राजनीति और अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन किया। लेकिन उनको असल पहचान क्रिकेट की पिच पर मिली। जहां पर वह पाकिस्तान के सबसे सफल पहले कप्तान बने, और अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को विश्व विजेता भी बनाया। इमरान दुनिया के सबसे सफल आलराउंडर में से एक रहे हैं।

इमरान ने अपनी राजनीतिक पारी साल 1996 में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी बनाकर शुरू की।क्रिकेट की तरह राजनीति में इमरान के लिए पिच आसान नहीं रही। इमरान 2002 में पहली बार सांसद बने। हालांकि उनकी पार्टी को कोई खास सफलता नहीं मिली। सफलता का अच्छा स्वाद 2013 में जाकर मिला जब इमरान नेशनल असेंबली के लिए चुने गए और PTI दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। इमरान खान की पार्टी ने जमात-ए-इस्लामी के साथ गठबंधन में खैबर पख्तूनख्वा में सरकार भी बनाई।

इस बीच साल 2014 में इमरान को नवाज शरीफ सरकार के खिलाफ इस्लामाबाद में निकाली गई विशाल रैली ने उन्हें मजबूत पहचान दी। और फिर 2018 में वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने। लेकिन अप्रैल 2022 में उनकी पार्टी में फूट और गठबंधन के साथियों की दूरी के कारण उनकी सरकार गिर गई। इसके बाद इमरान एक बार फिर शहबाज शरीफ के खिलाफ आजादी मार्च निकाला। और इसी लॉन्ग मार्च में 3 नवंबर 2022 को उनके ऊपर जानलेवा हमला हुआ। जिसमें उनके पैर में गोली लगी। इस हमले में उनकी जान बच गई। और इस पूरे हमले को इमरान ने शहबाज शरीफ सरकार और पाकिस्तान सेना की साजिश बताया है।