पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मुख्य कोच सरफराज अहमद ने इमरान खान को लेकर दिए गए उनके बेटों के इंटरव्यू पर जो कहा उसे पचा पाना आसान नहीं है।शुक्रवार को ऐसी खबरें सामने आई थी कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस इंटरव्यू को ना चलाने को लेकर स्काई स्पोर्ट्स पर दबाव बनाया था। इतना ही नहीं पीसीबी ने लॉर्ड्स टेस्ट का बहिष्कार करने की बात भी कही थी, लेकिन जब इसको लेकर पाकिस्तान टीम के हेड कोच सरफराज अहमद से पूछा गया तो उन्होंने सफेद झूठ बोल दिया। उन्होंने इस बात से इनकार किया है कि उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की ओर से दूसरे टेस्ट के दौरान इंग्लैंड दौरे को खत्म करने की धमकी के बारे में कोई जानकारी थी।
यह धमकी कथित तौर पर तब दी गई थी जब इमरान खान के बेटों के साथ ’स्काई स्पोर्ट्स’ का साक्षात्कार प्रसारित हो रहा था। ’स्काई स्पोर्ट्स’ ने यहां लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट के पहले दिन लंच के दौरान इमरान खान के बेटों सुलेमान खान और कासिम खान का साक्षात्कार प्रसारित किया था। यह साक्षात्कार प्रसारक और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन ने लिया था। इमरान के बेटों ने साक्षात्कार में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें अपने पिता की जान को लेकर डर है। इमरान खान पिछले तीन साल से जेल में हैं।
मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं
पाकिस्तान के लिए दिसंबर 2023 में आखिरी मैच खेलने वाले 39 वर्षीय सरफराज ने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें पीसीबी और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के बीच हुई बातचीत और पूरे मामले के बारे में क्या जानकारी है तो सरफराज ने कहा, ’’मुझे कुछ नहीं पता। मैं सिर्फ मैच पर ध्यान दे रहा हूं। ’’
सरफराज से यह भी पूछा गया कि क्या ऐसी कोई बात सामने आई थी कि पाकिस्तान के खिलाड़ी लंच के बाद मैदान पर नहीं उतरेंगे। सवाल पूरा होने से पहले ही उन्होंने कहा, ’’नहीं, नहीं। आप साक्षात्कार की बात कर रहे हैं? हमें साक्षात्कार के बारे में पता ही नहीं है। ’’ जब उनसे पूछा गया कि क्या खिलाड़ी मैदान पर उतरने वाले थे तो सरफराज ने कहा, ’’सभी ठीक हैं। उस समय हम लंच कर रहे थे। ’’ साक्षात्कार प्रसारित होने के बाद पीसीबी ने ’स्काई स्पोर्ट्स’ के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।
बीबीसी के अनुसार, ईसीबी ने इस स्थिति को लेकर पैदा हुए ’तनाव’ के बीच अपने जवाब के संबंध में विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय से सरकार की सलाह ली थी। मैच का प्रसारण ’स्काई स्पोर्ट्स’ के दृश्यों का इस्तेमाल करने वाले पाकिस्तान टेलीविजन (पीटीवी) ने इस साक्षात्कार को पाकिस्तान में प्रसारित नहीं किया।
