दुनिया

PTI का प्रदर्शन टला, पाकिस्तान सरकार पर बढ़ा बोझ! 1 अरब पाकिस्तानी रुपये पार हो सकता है सुरक्षा खर्च

Pakistan News: पीटीआई द्वारा इस्लामाबाद प्रदर्शन टालने से पाकिस्तान सरकार का खर्च दोगुना हो सकता है। 1,550 कंटेनरों के किराए और सुरक्षा बलों की व्यवस्था पर 1 अरब रुपये से अधिक बोझ पड़ेगा।

Image

पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी ने अपना प्रदर्शन टाला (फाइल फोटो- PTI)

Pakistan News: जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (PTI) द्वारा इस्लामाबाद में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की तारीख आगे बढ़ाए जाने से पाकिस्तान सरकार का सुरक्षा बजट तेजी से बढ़ रहा है। पीटीआई ने पार्टी संस्थापक इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर 27 सितंबर को होने वाले विरोध मार्च को टालकर अब 4 अक्टूबर कर दिया है। प्रदर्शन की तारीख में एक सप्ताह की देरी के कारण संघीय सरकार को अगले आदेश तक भारी भरकम सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखनी होगी, जिससे सरकारी खजाने पर बड़ा आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

1 अरब पाकिस्तानी रुपये से अधिक हो सकता है खर्च

पाक मीडिया समूह 'डॉन' ने पुलिस सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि प्रदर्शन टलने की वजह से इस्लामाबाद पुलिस का सुरक्षा बजट अब पहले के अनुमान से लगभग दोगुना हो सकता है। संभावना है कि सुरक्षा तैयारियों पर कुल खर्च 1 अरब पाकिस्तानी रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगा। शुरुआत में राजधानी पुलिस ने एक सप्ताह की व्यवस्था, मालवाहक कंटेनरों के किराये, तथा पंजाब व सिंध से बुलाए गए अतिरिक्त पुलिस बल के भोजन व आवास व्यवस्था के लिए 82 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का बजट मांगा था। लेकिन अब प्रदर्शन आगे खिसकने से यह अवधि दो सप्ताह की हो गई है।

कंटेनरों और जवानों के भोजन-ठहरने पर भारी खर्च

प्रदर्शनकारियों को इस्लामाबाद में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस ने सैकड़ों मालवाहक कंटेनर तैनात किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब 1,550 कंटेनरों का दैनिक किराया 4.65 करोड़ पाकिस्तानी रुपये बैठता है। यदि ये कंटेनर दो सप्ताह तक लगाए रखे जाते हैं, तो सिर्फ किराए मद में ही 65.1 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

राजधानी पुलिस ने पंजाब से 16,000 और सिंध से 2,000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग की है। सिंध पुलिस के जवान इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं, जिनके तीन समय के भोजन पर रोजाना 12 लाख रुपये (दो सप्ताह में लगभग 1.68 करोड़ रुपये) खर्च हो रहे हैं।

सुरक्षा की कमान संभाल रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों (निरीक्षक से लेकर डीआईजी स्तर तक) के रहने के लिए विभिन्न इलाकों के 13 होटलों में 175 कमरे बुक किए गए हैं। इन कमरों का किराया ही 7.5 लाख रुपये प्रतिदिन से अधिक है।

पीटीआई की रणनीति और सरकार की चुनौती

73 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर-नेता इमरान खान अगस्त 2023 से भ्रष्टाचार के एक मामले में सजा मिलने के बाद जेल में बंद हैं। पीटीआई द्वारा लगातार विरोध की रणनीति बदलने और प्रदर्शन की तारीखें आगे बढ़ाने से सरकार पर दबाव बढ़ता दिख रहा है।

विश्लेषकों का मानना है कि यदि पीटीआई प्रदर्शन को और आगे टालती है, तो सरकार के लिए इस स्तर की महंगी सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय तक बनाए रखना बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। इस बीच, इस्लामाबाद प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शहर में दो महीने के लिए सभी प्रकार की सार्वजनिक सभाओं और रैलियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article