दुनिया

'इमरान को आजाद करो या आर-पार की लड़ाई लड़ो', Imran Khan के लिए सड़कों पर उतरा जनसैलाब, थर्राई शहबाज शरीफ की सत्ता!

पाकिस्तान में इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर PTI ने इस्लामाबाद की ओर लॉन्ग मार्च शुरू कर दिया है। खैबर पख्तूनख्वा से शुरू हुए मार्च में हजारों समर्थक शामिल हैं। सरकार ने राजधानी में सुरक्षा बढ़ाते हुए प्रमुख रास्तों पर कंटेनर लगाए हैं। बातचीत विफल होने के बाद PTI और सरकार के बीच तनाव बढ़ गया है।

Image

इमरान खान के समर्थकों ने लॉन्ग मार्च की शुरुआत की। PTI

Pro-Imran Khan Mass Rally: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर पार्टी समर्थकों ने इस्लामाबाद की ओर ‘लॉन्ग मार्च’ शुरू कर दिया है। यह मार्च खैबर पख्तूनख्वा से शुरू हुआ है और इसका नेतृत्व प्रांतीय मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी कर रहे हैं।

पीटीआई और पाकिस्तान की संघीय सरकार के बीच हाल ही में बातचीत हुई थी, लेकिन दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके। इसके बाद PTI ने इस्लामाबाद की ओर मार्च निकालने का फैसला किया। पार्टी की प्रमुख मांग इमरान खान की रिहाई के अलावा जेल में उनसे मुलाकात और उनके इलाज से जुड़ी मांगों को लेकर भी है।

इस्लामाबाद की ओर बढ़ रहा काफिला

लक्की मारवत से शुरू हुआ मार्च अब आगे बढ़ रहा है। पीटीआई समर्थकों का काफिला खैबर पख्तूनख्वा के अलग-अलग इलाकों से होते हुए राजधानी की ओर बढ़ रहा है। पार्टी नेताओं ने समर्थकों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की है।

राजधानी में भारी सुरक्षा, रेड जोन पर सख्ती

मार्च को देखते हुए इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संसद, सरकारी कार्यालयों और विदेशी दूतावासों वाले रेड जोन में प्रवेश पर विशेष पाबंदियां लगाई गई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, राजधानी और आसपास के इलाकों में रेंजर्स समेत बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

सरकार ने साफ संकेत दिया है कि प्रदर्शनकारियों को राजधानी में किसी बड़े जमावड़े की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं PTI समर्थक इमरान खान की रिहाई की मांग पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में मार्च के इस्लामाबाद पहुंचने से पहले ही पाकिस्तान में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।

5 हजार से ज्यादा समर्थक मार्च में शामिल

रविवार को 5,000 से ज्यादा समर्थकों ने मार्च की शुरुआत की। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी भी मार्च में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा है कि काफिला 8 अक्टूबर तक इस्लामाबाद से करीब 80 किलोमीटर दूर खैराबाद पहुंचेगा, जहां मार्च के अगले चरण की रणनीति का ऐलान किया जाएगा।

पीटीआई के मार्च को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद की सुरक्षा बढ़ा दी है। राजधानी में प्रवेश करने वाले प्रमुख रास्तों पर शिपिंग कंटेनर लगाए गए हैं। सरकार का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को इस्लामाबाद में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने पीटीआई पर अशांति फैलाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

इमरान की सेहत भी बनी मुद्दा

पीटीआई लगातार इमरान खान की सेहत को लेकर भी सवाल उठा रही है। 73 वर्षीय इमरान खान की दाहिनी आंख की समस्या को लेकर पार्टी ने विशेषज्ञ इलाज की मांग की है। इसके अलावा पार्टी ने इमरान की तीन बहनों की रिहाई की मांग भी उठाई है, जिन्हें पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article