Imran Khan News: अदियाला जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (PTI) प्रमुख इमरान खान को शिफा इंटरनेशनल अस्पताल लाया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल से अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। बता दें कि कुछ दिनों पहले सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों ने उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल में स्थानांतरित करने का आदेश दिया था। अस्पताल लाए जाने पर पीटीआई समर्थकों में भारी उत्साह है, रावलपिंडी में वे जश्न मनाते देखे गए।
कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल लाया गया
रिपोर्टों के मुताबिक इमरान खान को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल और रास्ते में सुरक्षा बढ़ाए जाने की खबर है। डॉ. फैसल सुल्तान और इमरान खान की बहन उज्मा खान भी उनके साथ अस्पताल गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि इमरान खान को शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में भर्ती कराया जाए, जहां मेडिकल बोर्ड की निगरानी में उनकी स्वास्थ्य जांच और इलाज किया जाए। इस मेडिकल बोर्ड में उनके निजी चिकित्सक को भी शामिल किया गया है।
स्पताल के ए-ब्लॉक, एग्जीक्यूटिव ई-4 फ्लोर पर रखा गया
पूर्व प्रधानमंत्री के अस्पताल में रहने की अवधि अदालत के अगले निर्देश तक तय रहेगी। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री को अदियाला जेल से अस्पताल शिफ्ट किए जाने के बाद रावलपिंडी में उनके समर्थकों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला। सूत्रों के मुताबिक, इमरान खान को शिफा अस्पताल के ए-ब्लॉक, एग्जीक्यूटिव ई-4 फ्लोर पर रखा गया है। सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल के संबंधित फ्लोर को पूरी तरह खाली करा दिया गया है, जबकि अस्पताल के आसपास करीब 200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की
इधर, जैसे ही इमरान खान का काफिला अदियाला रोड से गुजरा, बड़ी संख्या में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी PTI के कार्यकर्ता सड़क पर पहुंच गए। समर्थकों ने उनके वाहनों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं और जमकर खुशी का इजहार किया। इमरान खान के समर्थकों ने इस मौके पर जमकर आतिशबाजी भी की। अदियाला रोड पर काफी देर तक जश्न का माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं ने अपने नेता के समर्थन में नारे लगाए। यानी इमरान खान के अस्पताल पहुंचने के साथ ही एक तरफ जहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है, वहीं दूसरी तरफ उनके समर्थकों में इसे लेकर उत्साह साफ तौर पर नजर आया।
