क्रिकेट

प्रार्थना करता हूं कि जल्दी रिहा हो इमरान खान, पाकिस्तान सरकार से मियांदाद की गुहार

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने इमरान खान को लेकर गुहार लगाई है। दुनिया भर के कई क्रिकेटरों द्वारा इमरान के समर्थन में आवाज उठाने के बाद अब जावेद मियांदाद भी खुलकर सामने आए हैं।

Image

इमरान खान (साभार-x)

इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम द्वारा स्काई स्पोर्ट्स को दिए गए इंटरव्यू के बाद यह मसला और भी ज्यादा सुर्खियों में आ गया है। अब इस मसले पर इमरान खान के साथी खिलाड़ी और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जो उनके साथ हो रहा है वह गैरजरूरी है। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस मसले का समाधान जल्द से जल्द से निकले। दुनिया भर के कई क्रिकेटरों द्वारा इमरान के समर्थन में आवाज उठाने के बाद अब जावेद मियांदाद भी खुलकर सामने आए हैं।

मियांदाद ने की रिहाई का मांग

जावेद मियांदाद ने एक पॉडकास्ट में बात करते हुए कहा 'मैंने इमरान की रिहाई की अपील की, जो 2023 से जेल में हैं, और उन्हें हर संभव मदद देने का वादा किया। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनके साथ जो कुछ भी हो रहा है, उसका समाधान हो जाए, क्योंकि वे इसके हकदार नहीं हैं। उनके साथ जो किया जा रहा है वह सही नहीं है। यह अनावश्यक है। उनका भी परिवार है।" उन्होंने आगे कहा 'मैं हर समय यही सोचता रहता हूं कि वह [जेल में] क्या कर रहा होगा, क्या सोच रहा होगा। हम बहुत करीब थे।

हम दोनों में कभी राइवलरी नहीं रही

“मेरे और इमरान के बीच कोई झगड़ा नहीं था। मैंने कभी शिकायत नहीं की कि इमरान ने मुझे किसी भी तरह से नुकसान पहुंचाया हो। मेरा करियर शानदार रहा, जिसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। इमरान और मैंने काउंटी क्रिकेट भी साथ में खेला है, हम साल के आधे से ज्यादा समय साथ रहे, या तो काउंटी क्रिकेट में या पाकिस्तान टीम के साथ। हमने साथ में बहुत अच्छा समय बिताया। इससे पहले पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान खान के चिकित्सा उपचार के लिए अपील की थी।

दोनों ने साथ पाकिस्तान को दिए यादगार पल

मियांदाद ने 1975 से 1996 तक पाकिस्तान के लिए 124 टेस्ट और 233 वनडे खेले। इस दौरान उन्होंने 31 शतक सहित 16,213 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए। 1980 और 1990 के दशक में दोनों का पाकिस्तान क्रिकेट की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान था। दोनों ने उस दौरान पाकिस्तान की कप्तानी भी की। इमरान ने पाकिस्तान को 1992 के विश्व कप में जीत दिलाई, जिसमें मियांदाद ने नौ पारियों में पांच अर्धशतकों सहित 437 रन बनाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article