Times Now Navbharat
live-tv
Premium

इमरान खान की सेहत पर सवाल और बहन अलीमा भेजी गईं जेल, PAK में आखिर क्यों PTI और सरकार में टकराव

Pakistan Political Tension: पड़ोसी देश पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे के भीतर शहबाज शरीफ सरकार ने रावलपिंडी स्थित हाई सिक्योरिटी अदियाला जेल में एक मेडिकल टीम को भेजा, जबकि दूसरी तरफ अलीमा खान को हिरासत में लिया गया।

Image
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल फोटो)
Edited by: अनुराग गुप्ता
Updated Sep 20, 2026, 20:37 IST
Follow on Google News

Pakistan Political Tension: पड़ोसी देश पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। अदियाला जेल में उनकी मेडिकल जांच, स्वास्थ्य को लेकर उठ रही चिंताएं, सुप्रीम कोर्ट के निजी अस्पताल में इलाज से जुड़े आदेश और उनकी बहन अलीमा खान की हिरासत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बीच, इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने 27 सितंबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। ऐसे में सवाल सिर्फ इमरान खान की सेहत का नहीं, बल्कि उनके इर्द-गिर्द तेजी से बदल रहे राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम का भी है। ऐसे में हम आपको बताएंगे कि आखिर पाकिस्तान में चल क्या रहा है?

पिछले 24 घंटे के भीतर शहबाज शरीफ सरकार ने रावलपिंडी स्थित हाई सिक्योरिटी अदियाला जेल में एक मेडिकल टीम को भेजा, जबकि दूसरी तरफ पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान को हिरासत में लिया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अलीमा खान को कोट लखपत जेल भेजा गया है।

इमरान खान का क्यों हुआ मेडिकल चेकअप?

73 वर्षीय इमरान खान का अदियाला जेल में मेडिकल चेकअप कराया गया। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) की एक विशेष टीम ने उनकी जांच की। इस दौरान ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और आंखों से जुड़ी जांच की गई। पीआईएमएस के एक डॉक्टर ने टीम का नेतृत्व किया, जबकि अदियाला जेल के अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने भी जांच में सहयोग किया। इमरान खान पहले भी आंखों से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे और इलाज के लिए उन्हें कई बार पीआईएमएस ले जाया गया है।

इमरान की सेहत को लेकर क्या है विवाद?

इमरान खान के समर्थकों का दावा है कि जेल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिलने के कारण उनकी सेहत प्रभावित हुई है। हालांकि, जेल अधिकारियों ने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या आदेश दिया था?

इमरान खान के इलाज को लेकर पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त को उन्हें एक निजी अस्पताल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था। हालांकि, उन्हें निजी अस्पताल ले जाने के बजाय पीआईएमएस ले जाया गया, जहां विभिन्न मेडिकल टेस्ट हुए और इसके बाद उन्हें वापस अदियाला जेल भेजा गया था।

इमरान खान की पार्टी अब उन्हें इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में शिफ्ट करने की मांग कर रही है। पीटीआई का कहना है कि वहां उनका व्यापक मेडिकल चेकअप और जरूरी इलाज कराया जाना चाहिए।

imran khan

imran khan

PTI का प्रदर्शन का ऐलान

पूर्व प्रधानमंत्री की पार्टी पीटीआई ने उनकी रिहाई की मांग को लेकर 27 सितंबर को विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी का मकसद शहबाज सरकार पर इमरान खान की रिहाई के लिए दबाव बनाना है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर उठ रही चिंताएं भी पार्टी के राजनीतिक अभियान का एक अहम हिस्सा बन गईं।

अलीमा भी हुईं गिरफ्तार

इमरान खान की बहन अलीमा खान को हिरासत में लिया गया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अलीमा खान को लाहौर से हिरासत में लिया गया और बाद में उन्हें कोट लखपत जेल भेज दिया गया। अलीमा खान लंबे समय से अपने भाई की रिहाई की मांग करती रही हैं।

बताया जा रहा है कि पंजाब लोक व्यवस्था रखरखाव अध्यादेश, 1960 के तहत उन्हें पकड़ा गया है। इस कानून के तहत स्थानीय प्रशासन ऐसे व्यक्ति को हिरासत में लेने का आदेश दे सकता है, जिसे सार्वजनिक शांति के लिए खतरा माना जाए। लाहौर के डिप्टी कमिश्नर मुहम्मद अली इजाज ने अलीमा खान की 30 दिनों की हिरासत का आदेश जारी किया है। हालांकि, अलीमा खान चाहें तो हिरासत के आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दे सकती है।

कब से जेल में हैं इमरान खान ?

सनद रहे कि इमरान खान को 2023 में भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। तब से वह जेल में हैं और उनके खिलाफ कई कानूनी मामले चल रहे हैं। इससे पहले, अप्रैल 2022 में इमरान सरकार गिर गई और फिर उनके समर्थकों ने देशभर में प्रदर्शन भी किए।

End of Article