Amazon और Flipkart की फेस्टिव सेल आज यानी 8 अक्टूबर से शुरू हो गई है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से लेकर होम एप्लायंसेज समते कई सारी कैटेगरी पर भारी भरकम डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है। इन सेल में कई प्रोडक्ट्स पर फ्लैट डिस्काउंट के साथ-साथ बैंक ऑफर, कैशबैक और नो-कॉस्ट EMI जैसे ऑफर्स मिल सकते हैं। बंपर डिस्काउंट ऑफर देखकर इस फेस्टिव सेल में लोग जमकर खरीदारी करते हैं। लेकिन क्या आपको मालूम हैं कि किसी प्रोडक्ट पर 50 या 60 फीसदी डिस्काउंट देखकर तुरंत खरीद लेना हमेशा फायदे का सौदा नहीं होता।
कई बार जिस प्रोडक्ट पर बड़ा डिस्काउंट दिख रहा होता है, वही चीज किसी दूसरे प्लेटफॉर्म पर और कम कीमत में मिल सकती है। इसलिए सेल में खरीदारी करने से पहले असली कीमत, ऑफर की शर्तें और आखिर में आपको कितने पैसे देने हैं, यह जरूर देख लें।
सिर्फ डिस्काउंट प्रतिशत देखकर खरीदारी न करें
किसी प्रोडक्ट पर 50 या 60 फीसदी छूट देखकर ऐसा लग सकता है कि आपको बहुत सस्ता सामान मिल रहा है। लेकिन जरूरी नहीं कि यह सबसे अच्छी डील हो। खरीदारी से पहले प्रोडक्ट की मौजूदा कीमत के साथ-साथ उसकी हाल की कीमत भी चेक करें। साथ ही Amazon और Flipkart के अलावा दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी उसी प्रोडक्ट की कीमत देख लें।मनी कंट्रोल की खबर के मुताबिक BankBazaar के CEO अधिल शेट्टी के मुताबिक, सिर्फ बड़े डिस्काउंट पर ध्यान देने के बजाय यह देखना जरूरी है कि ऑफर से वास्तव में आपकी जेब पर कितना असर पड़ रहा है। MRP को ही हमेशा कीमत का सही आधार नहीं मानना चाहिए। प्रोडक्ट की हाल की कीमत और दूसरे प्लेटफॉर्म पर मिल रही कीमत से तुलना करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। डिलीवरी चार्ज, कैशबैक की शर्तें और दूसरे अतिरिक्त खर्चों को भी ध्यान में रखें।
क्या सभी ऑफर्स एक साथ मिल सकते हैं?
फेस्टिव सेल के दौरान कई तरह के ऑफर्स मिलते हैं। इनमें बैंक डिस्काउंट, कैशबैक, एक्सचेंज ऑफर और रिवॉर्ड पॉइंट्स जैसे फायदे शामिल हो सकते हैं। लेकिन यह जरूरी नहीं है कि आप इन सभी ऑफर्स का फायदा एक साथ उठा पाएं।
इसलिए खरीदारी से पहले ऑफर की पूरी शर्तें पढ़ें। यह देखें कि डिस्काउंट पाने के लिए न्यूनतम कितनी खरीदारी करनी होगी, अधिकतम डिस्काउंट कितना मिलेगा और ऑफर किन ग्राहकों के लिए लागू है। कुछ ऑफर्स एक-दूसरे के साथ इस्तेमाल भी नहीं किए जा सकते।
अगर एक से ज्यादा ऑफर उपलब्ध हैं, तो अलग-अलग विकल्पों में आपको आखिर में कितने पैसे देने होंगे, इसका हिसाब कर लें। इससे आपको पता चलेगा कि वास्तव में कौन-सी डील सबसे ज्यादा बचत करा रही है। अधिल शेट्टी के मुताबिक, सबसे अच्छा ऑफर वही है जिसमें आपकी वास्तविक बचत सबसे ज्यादा हो और सिर्फ डिस्काउंट के चक्कर में आप ऐसी चीज न खरीद लें जिसकी आपको जरूरत ही नहीं है।
Credit Card या No-Cost EMI, क्या है बेहतर?
फेस्टिव सेल में क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने पर अतिरिक्त डिस्काउंट या दूसरे फायदे मिल सकते हैं। अगर आप क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल समय पर चुका सकते हैं, तो इसका फायदा उठाया जा सकता है। लेकिन अगर आप बिल का पूरा भुगतान नहीं करते और रकम अगले महीने तक चली जाती है, तो उस पर लगने वाला ब्याज डिस्काउंट से हुई बचत को खत्म कर सकता है। इसलिए क्रेडिट कार्ड से खरीदारी तभी करें जब समय पर पूरा भुगतान करने का भरोसा हो।वहीं, महंगे सामान को खरीदने के लिए No-Cost EMI एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे पूरी रकम एक साथ देने के बजाय कई महीनों में भुगतान किया जा सकता है। लेकिन No-Cost EMI को चुनने से पहले इसकी शर्तें जरूर पढ़ें।
Processing Fee, GST, शुरुआती डिस्काउंट और रिवॉर्ड पॉइंट्स का क्या होगा, यह चेक करें। कई बार इन चीजों की वजह से प्रोडक्ट की वास्तविक लागत आपकी उम्मीद से अलग हो सकती है।
EMI लेने से पहले यह भी देखें कि हर महीने कितनी रकम चुकानी होगी और यह आपकी बजट में आसानी से फिट हो रही है या नहीं। अगर प्रीपेमेंट या लोन जल्दी बंद करने पर कोई चार्ज है, तो उसकी जानकारी भी पहले ले लें।
सिर्फ डिस्काउंट देखकर जरूरत से ज्यादा खर्च न करें
फेस्टिव सेल में सबसे बड़ी गलती यह हो सकती है कि सिर्फ ऑफर देखकर हम ऐसी चीज खरीद लें जिसकी हमें जरूरत ही नहीं है। इसलिए सेल शुरू होने से पहले अपनी जरूरतों की एक लिस्ट बना लें और एक बजट तय कर लें। इसके बाद अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कीमतों की तुलना करें और यह देखें कि सभी ऑफर्स और चार्ज जोड़ने के बाद आपको वास्तव में कितने पैसे देने होंगे।
किसी ऐसी चीज पर 50 फीसदी छूट मिलना, जिसकी आपको जरूरत नहीं है, कोई बचत नहीं है। वहीं, जिस सामान को आप पहले से खरीदने की योजना बना रहे थे, अगर वह सेल में कम कीमत पर मिल जाता है, तो यह आपके लिए सही बचत हो सकती है।
Amazon और Flipkart की फेस्टिव सेल में अच्छे ऑफर्स मिल सकते हैं, लेकिन हर बड़ा डिस्काउंट जरूरी नहीं कि सबसे अच्छी डील हो। खरीदारी से पहले कीमत की तुलना करें, ऑफर की शर्तें पढ़ें और सभी चार्ज जोड़कर अंतिम कीमत का हिसाब लगाएं। सबसे जरूरी बात यह है कि सिर्फ डिस्काउंट देखकर खरीदारी न करें। पहले जरूरत और बजट तय करें, फिर देखें कि सेल का ऑफर वास्तव में आपके लिए कितना फायदेमंद है।
