दुनिया

Pakistan News: PTI पर कसा शिकंजा, खैबर पख्तूनख्वा CM और 24 नेताओं के पासपोर्ट ब्लॉक करने के आदेश, सीएम के साथ पुलिस ने की मारपीट

जांच अधिकारी ने पीठ को बताया कि नामजद आरोपी अदालती कार्यवाहियों से लगातार नदारद चल रहे हैं और अंतरिम जमानत लेने वाले नेताओं ने भी जांच प्रक्रिया में सहयोग नहीं किया है।

Image

पाकिस्तान में पीटीआई नेताओं पर शिकंजा

Photo : PTI

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित एक आतंकवाद-रोधी अदालत ने सोमवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पर बड़ा कानूनी शिकंजा कसा है। अदालत ने खैबर पख्तूनख्वा (KP) के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहेल अफरीदी और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के 24 अन्य विधायकों-नेताओं के पासपोर्ट तुरंत प्रभाव से ब्लॉक करने का आदेश जारी किया है। पुलिस की अर्जी पर जज का फैसला विशेष जज अबुल हसनात मोहम्मद जुल्करनैन ने इस्लामाबाद पुलिस की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश जारी किया। अदालत ने फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) को अगले आदेश तक इन सभी नेताओं के पासपोर्ट ब्लॉक रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।

अदालत में गैरहाजिरी को बताया गया वजह

जांच अधिकारी ने पीठ को बताया कि नामजद आरोपी अदालती कार्यवाहियों से लगातार नदारद चल रहे हैं और अंतरिम जमानत लेने वाले नेताओं ने भी जांच प्रक्रिया में सहयोग नहीं किया है। पुलिस के मुताबिक इन नेताओं पर सरकारी संस्थानों पर हमले करने और आतंकवाद को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। देश छोड़ने की आशंका: जांच एजेंसी ने अंदेशा जताया कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए ये आरोपी विदेश भाग सकते हैं।

किन प्रमुख नेताओं पर गिरी गाज?

अदालत के इस आदेश की जद में मुख्यमंत्री सुहेल अफरीदी के अलावा कई दिग्गज नेता शामिल हैं-

  • पूर्व नेशनल असेंबली स्पीकर असद कैसर
  • विधायक शहरम खान तरकई, शाह अहमद, शेर अली अरबाब और मोहम्मद इकबाल अफरीदी
  • डॉ. अमजद अली, जुनैद अकबर, शाहिद खट्टक, ज़ुबैर वजीर, अरशद उमरजई, जर आलम, मियां उमर और अख्तर खान।

पंजाब पुलिस पर सीएम अफरीदी का अगवा करने का आरोप

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब पीटीआई ने 27 सितंबर को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। समर्थन जुटाने के लिए पंजाब प्रांत के दौरे पर निकले केपी के मुख्यमंत्री सुहेल अफरीदी ने पंजाब पुलिस पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया है। अफरीदी ने दावा किया कि पंजाब पुलिस ने उन्हें अगवा करने की कोशिश की और मारपीट के बाद सड़क किनारे छोड़ दिया। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक प्रांत के मुख्यमंत्री के साथ दूसरे प्रांत की पुलिस का ऐसा बर्ताव बेहद शर्मनाक है और पंजाब सरकार को इसका जवाब देना होगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article