क्रिकेट

अब इमरान खान के समर्थन में उतरे ब्रायन लारा, बोले- जेल में मिले मेडिकल सुविधा

Brian Lara on Imran Khan: ​​​लारा ने अपनी पोस्ट में साफ कहा कि वह अपने पूर्व साथी कप्तानों के साथ खड़े हैं और मांग करते हैं कि इमरान को उचित और स्वतंत्र चिकित्सा सुविधा दी जाए। लारा ने कहा कि किसी भी इंसान के साथ करुणा और सम्मान से पेश आना बुनियादी इंसानियत है।

Image

इमरान खान और ब्रायन लारा (फोटो साभार- Instagram/X)

Brian Lara on Imran Khan: वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा भी अब उन पूर्व क्रिकेटरों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए बेहतर इलाज और सम्मानजनक व्यवहार की मांग की है। लारा ने कहा कि किसी भी इंसान के साथ करुणा और सम्मान से पेश आना बुनियादी इंसानियत है।

तीन साल से जेल में बंद हैं इमरान खान

73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी ठहराया गया है। पिछले कुछ महीनों से उनकी हिरासत की स्थिति और स्वास्थ्य को लेकर उनके परिवार और दुनिया भर के कई पूर्व क्रिकेटरों ने चिंता जताई है।

लारा ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया पोस्ट

लारा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "इमरान खान और मेरा मैदान पर केवल कुछ ही बार आमना-सामना हुआ, लेकिन उनके लिए मेरे मन में जो सम्मान पैदा हुआ, वो तुरंत हुआ और हमेशा कायम रहा।" उन्होंने आगे लिखा, "मैं यह समझने में असमर्थ हूं कि जो व्यक्ति कभी अपने देश के लिए उम्मीद, गर्व और प्रेरणा की किरण हुआ करता था और अपने खेल करियर के शिखर पर था, वह आज ऐसी स्थिति में कैसे पहुंच गया, जहां उसे वह देखभाल, करुणा और सम्मान नहीं मिल रहा, जिसका वह हकदार है।"

इमरान खान को नहीं मिल रहा सम्मान

लारा ने अपनी पोस्ट में साफ कहा कि वह अपने पूर्व साथी कप्तानों के साथ खड़े हैं और मांग करते हैं कि इमरान को उचित और स्वतंत्र चिकित्सा सुविधा दी जाए। उन्होंने कहा, "यह राजनीति नहीं है। यह हमारे खेल के एक दिग्गज के लिए बुनियादी इंसानियत है।" गौरतलब है कि लारा ने 1990 के अंत में वेस्टइंडीज के पाकिस्तान दौरे के दौरान इमरान के खिलाफ चार अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे।

सुनील गावस्कर भी उठा चुके हैं आवाज

इमरान के समर्थन में आवाज उठाने वाले लारा अकेले नहीं हैं। इससे पहले भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव, ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल और मौजूदा कप्तान पैट कमिंस भी इमरान को उचित चिकित्सा सुविधा दिए जाने की मांग कर चुके हैं।यह मुद्दा हाल ही में तब और चर्चा में आया जब इमरान के बेटों सुलेमान और कासिम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड-पाकिस्तान दूसरे टेस्ट के दौरान स्काई स्पोर्ट्स पर माइकल एथरटन से बातचीत में अपने पिता के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर चिंता जताई थी। लारा के बयान के बाद इस मांग को और मजबूती मिली है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article