Congress Protest: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सांसद पर प्रियंका गांधी पर एक महिला पुलिसकर्मी पर कोहनी मारने का आरोप लगाया है। भाजपा का आरोप है कि जंतर-मंतर पर बुधवार को प्रदर्शन के दौरान प्रियंका ने महिला पुलिसकर्मी को कोहनी मारी। यही नहीं, भाजपा ने राहुल गांधी पर भी एक पुलिसकर्मी को धक्का देने का आरोप लगाया है। वीडियो में पुलिसकर्मी को धक्का देने के बाद राहुल गांधी लड़खड़ाते दिखाई पड़े। बता दें कि सीईसी को हटाए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस सांसदों ने बुधवार को भी प्रदर्शन किया।
'मारपीट की दुकान चला रहे भाई-बहन'
X पर वीडियो साझा करते हुए भाजपा ने कहा कि 'भाई-बहन दोनों मिलकर बदतमीजी और मारपीट की दुकान चला रहे हैं! प्रियंका गांधी ने महिला पुलिस कर्मी पर कोहनी से हमला कर ये साबित कर दिया कि महिला सम्मान की बात करना कांग्रेस के लिए सिर्फ दिखावा है। सत्ता की राजनीति से लेकर सड़क पर मारपीट ही कांग्रेस का असली चेहरा है। स्कैम और लूट करने वाले अब सीधे-सीधे गुंडई और मारपीट पर उतर आए हैं।'
प्रदर्शन के कई वीडियो सामने आए
पुलिस इस तरह से सभी वीडियो को संज्ञान में ले रही है जिसमे ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार, धक्कामुक्की और मारपीट करते हुए प्रदर्शनकारी नजर आ रहे हैं। राहुल का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वह एक महिला कॉन्सटेबल को धक्का देते हुए दिख रहे हैं। महिला कॉन्सटेबल प्रदर्शनकारियों को हटा रही थी और उसी दौरान राहुल उसे धक्का मार रहे हैं।
सांसदों के साथ कथित बदसलूकी का आरोप
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग मामले में प्रदर्शन के दौरान विपक्षी 'इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में बृहस्पतिवार को 'काला दिवस’ मनाने का फैसला किया है, जिसके तहत राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्षों को भेजे पत्र में कहा कि पार्टी की सभी राज्य, जिला और ब्लॉक/मंडल इकाइयां आठ अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन आयोजित करें।
कांग्रेस ने लगाया बल-प्रयोग का आरोप
पत्र में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 'इंडिया’ गठबंधन के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया और कथित तौर पर बल प्रयोग किया गया। कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और 'इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ 'बदसलूकी’ की गई तथा लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई नेता घायल हो गए।
गुरुवार को 'काला दिवस’ मनाएगी कांग्रेस
वेणुगोपाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर यह कार्रवाई 'संविधान पर हमला’ है और इसलिए कांग्रेस ने इस दिन को भारतीय लोकतंत्र के लिए 'काला दिवस’घोषित किया है। पार्टी ने सभी प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस समितियों को तत्काल प्रभाव से निर्देशों का पालन करने को कहा है।
