क्रिकेट

हवाई सेवा में बाधा के कारण भारत में फंसी जिम्बाब्वे की टीम, घर लौटने में हो सकती है देरी

इजरायल-ईरान जंग का असर टी20 वर्ल्ड कप में भी आंशिक तौर पर पड़ा है। अपना कैंपेन खत्म कर चुकी जिम्बाब्वे की टीम घर नहीं लौट पा रही है। आईसीसी वैकल्पिक साधन पर काम कर रही है और जिम्बाब्वे क्रिकेट ने इस बात की पुष्टि कर दी है। रविवार को उसने सुपर-8 का अपना आखिरी मुकाबला खेला था।

Image

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम (साभार-ANI)

इजरायल-ईरान वॉर का प्रभाव क्रिकेट और टी20 वर्ल्ड कप पर भी पड़ा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना कैंपेन खत्म कर चुके जिम्बाब्वे की टीम इस कारण से घर नहीं लौट पा रही है। पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में हवाई सेवा बंद होने से सिकंदर रजा एंड कंपनी फिलहाल भारत में ही रुकी हुई है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने सोमवार को जारी किए गए एक बयान में पुष्टि की कि उनकी टीम इस वक्त दिल्ली में है।

"जिम्बाब्वे क्रिकेट (ZC) पुष्टि करता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना कैंपेन खत्म करने के बाद टीम को दुबई के रास्ते घर लौटना था, लेकिन मध्य पूर्व में बिगड़ती स्थिति के कारण प्रमुख मार्ग बाधित हो गए हैं। इस कारण टीम को लौटने में देरी होगी। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने आगे कहा है "अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय एयरलाइंस के साथ काम कर रही है।

जिम्बाब्वे ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट का अपना अंतिम मैच खेला और सोमवार को दुबई होते हुए उन्हें हरारे वापस लौटना था। टीम की वापसी की बुकिंग भी हो चुकी थी और उसे सपोर्ट स्टाफ के साथ अलग-अलग समूहों में यात्रा करना था। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे जंग के कारण पश्चिम एशिया के कई देशों ने अस्थायी रूप से अपना हवाई क्षेत्र बंद कर रखी है। इससे कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस प्रभावित हुए हैं। खासतौर से दुबई, जो भारत और श्रीलंका में हुए टूर्नामेंट के बाद घर लौट रही टीमों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क बिंदु है।

वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे का सफर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे टीम की सफर की बात करें तो यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में उनका अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर टीम पहली बार सुपर-8 में पहुंचने में कामयाब रही। हालांकि, सुपर-8 में टीम एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article