कल का मौसम कैसा रहेगा : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को उत्तर भारत में मौसम साफ हो सकता है, लेकिन कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती हैं। इस दौरान यूपी, बिहार, एमपी, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा-पंजाब में मौसम गतिविधियां फीकी रहेंगी। हालांकि, तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जन और बूंदाबांदी या बारिश भी हो सकती है। हालांकि, धूप भी खिली नजर आ सकती है। उधर, पहाड़ों पर भी भारी बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां हो सतती हैं, लेकिन अब मानसून की वापसी के कारण इसमें कमी आएगी। अगले 24 घंटे के दौरान अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान डीप डिप्रेशन के कारण कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, रायलसीमा, तटीय आंध्र में तूफानी हवाओं के साथ तेज बारिश का अलर्ट है।
पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में अभी मानसूनी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग ने ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, विदर्भ, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलगाना के कुछ कुछ हिस्सों पर आंधी-तूफान के साथ मध्यम से तेज स्तर की बारिश हो सकती है। उधर महाराष्ट्र और गुजरात में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। कमोबेश ऐसा ही मौसम महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों पर रहने का अनुमान है।
यूपी का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पिछले 24 घंटे के दौरान लखनऊ में धूप खिली रही और अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ने का अनुमान जताया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को मुजफ्फरनगर में 9.0 मिलीमीटर और मेरठ में 5.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मुरादाबाद में हल्की बारिश हुई जबकि इन स्थानों के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश दर्ज नहीं हुई। इस बीच, प्रदेश में लगातार हुई बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और निगरानी कार्य तेज कर दिए हैं।
सरकार ने सोमवार को जारी एक बयान के मुताबिक, नगर विकास और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। बयान में बताया गया कि जलभराव वाले इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी तथा पानी उतरने के बाद तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संक्रामक बीमारियों के खतरे को रोका जा सके। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में जलभराव, जल निकासी, स्वच्छता और बीमारियों की रोकथाम के इंतजामों का जायजा लिया।
उन्होंने आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहरी क्षेत्रों में सफाई और जनसुविधाओं को बेहतर करने तथा प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। शर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण और कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए।
बेंगलुरु में भारी बारिश
रातभर हुई बारिश के कारण मंगलवार को बेंगलुरु के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और सुबह व्यस्त समय में यातायात प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह तक बारिश जारी रहने से छात्रों और कार्यालय जाने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के विभिन्न हिस्सों में कई पेड़ भी उखड़ गए।
मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे तक बेंगलुरु में 19.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में बेंगलुरु एचएएल हवाई अड्डे पर 72 मिमी और जीकेवीके बेंगलुरु में 46 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान शहर और आसपास के कई अन्य इलाकों में भी बारिश हुई। बेंगलुरु के केआईएएल हवाई अड्डे पर 37.4 मिमी और चिक्कबल्लापुर में 9.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बेंगलुरु यातायात पुलिस ने भी कई इलाकों में जलभराव के कारण धीमी गति से चल रहे यातायात के बारे में यात्रियों को जानकारी दी। इनमें मगदी रोड, अयप्पा अंडरपास और कार्तिक नगर शामिल हैं। यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हेन्नूर-बागलूर मुख्य मार्ग पर कोट्टारापाल्या से वड्डारापाल्या की ओर जलभराव के कारण यातायात धीमी गति से चल रहा है।
तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को तमिलनाडु के इरोड, नमक्कल और मदुरै जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने अगले तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान भी जताया है। मौसम बुलेटिन में विभाग ने कहा कि मंगलवार को 16 जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें पश्चिमी घाट के साथ-साथ तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, कल्लाकुरिची, तिरुवन्नामलाई, धर्मपुरी, सलेम, तिरुचिरापल्ली और पेरम्बलुर जिले शामिल हैं। चेन्नई और इसके आसपास के इलाकों में शाम या रात में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। भारी बारिश की संभावना बुधवार को पश्चिमी और उत्तरी तमिलनाडु के हिस्सों में स्थानांतरित हो जाएगी। विभाग ने कहा कि नीलगिरी, इरोड, सेलम, धर्मपुरी और कृष्णागिरी जिलों में एक या दो स्थानों पर तूफान और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
बुधवार को भी 16 जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है। पूर्वानुमान में पश्चिमी घाट के किनारे के जिले शामिल हैं, और इसमें तिरुपत्तूर, वेल्लोर और शिवगंगा शामिल हैं। प्रत्येक जिले में स्थितियां काफी भिन्न हो सकती हैं, क्योंकि भारी वर्षा का पूर्वानुमान केवल एक या दो स्थानों पर लागू होता है।
