Hardik Pandya on MS Dhoni: टीम इंडिया के हरफनमौला प्लेयर और टी-20 फॉर्मैट में कैप्टन की भूमिका निभा चुके हार्दिक पंड्या ने कहा कि उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी से बहुत कुछ सीखा है। वे लोग जब भी मिलते हैं, तब वे गेम से ज्यादा जिंदगी के बारे में ज्यादा बात करते हैं। पंड्या ने ये बातें गुरुवार (26 जनवरी, 2023) को झारखंड के रांची शहर में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।
पंड्या के मुताबिक, "माही भाई यहां (रांची) हैं। हमें उनसे मिलने का मौका मिला। हम उनसे मिलने होटल से बाहर भी जा सकते हैं वरना बीते एक महीने से हम जितना खेल रहे हैं, उस लिहाज से बस एक होटल से दूसरे होटल में जाते हैं।" उन्होंने आगे बताया, "जब भी हम मिलते हैं तो खेल की जगह जिंदगी के बारे में ज्यादा बात करते हैं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।"
हाथ में नारियल पानी, पीठ पर बैग और यंग खिलाड़ियों का साथ...जब ड्रेसिंग रूम में पहुंच MS Dhoni ने की ये खास मुलाकात
दरअसल, गुरुवार (26 जनवरी, 2023) को भारत के पूर्व कप्तान ने भारतीय ड्रेसिंग रूम में जाकर खिलाड़ियों से बातचीत की थी। यह मुलाकात ऐसे वक्त पर हुई, जब अगले दिन यानी शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया को पहला टी-20 मैच खेलना है।
मूल रूप से रांची के रहने वाले धोनी ने इस दौरान पंड्या से बात की थी। उन्होंने इसके अलावा युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को भी सलाह दी और वह शुभमन गिल, स्पिनर युजवेंद्र चहल और सहयोगी स्टाफ से भी बात करते देखे गए थे। बीसीसीआई की ओर से इस भेंट का एक वीडियो भी अपलोड किया गया था। देखें, क्लिपः
