टीम इंडिया के पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार (26 जनवरी, 2023) को भारतीय ड्रेसिंग रूम में पहुंच गए और वहां उन्होंने खिलाड़ियों से खास मुलाकात की। माही के हाथ में इस दौरान नारियल पानी-तौलिया, पीठ पर नीले रंग का बैग और युवा खिलाड़ियों का साथ था। जैसे ही वह वहां पहुंचे थे, उनसे मिलने के लिए खिलाड़ियों और टीम के अन्य सहयोगियों का मजमा सा लग गया था।
हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, सूर्य कुमार यादव और शुभमन गिल सरीखे प्लेयर्स ने उनसे इस बीच बात के साथ थोड़ा बहुत हंसी-मजाक भी किया। दरअसल, यह माही की टीम के खिलाड़ियों और अन्य लोगों से यह भेंट झारखंड के रांची शहर (होम टाउन) में तब हुई, जब एक रोज बाद शुक्रवार (27 जनवरी, 2023) को टीम इंडिया का न्यूजीलैंड से पहले टी-20 मैच में सामना होगा।
बीसीसीआई की ओर से इस मुलाकात का एक वीडियो भी टि्वटर पर शेयर किया गया है, जिसमें धोनी ने पहले टी20 कप्तान हार्दिक पंड्या से बात की। फिर वह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को भी सलाह देते दिखे। 39 सेकेंड्स की इस क्लिप में धोनी को शुभमन गिल, स्पिनर युजवेंद्र चहल और सहयोगी स्टाफ से भी बात करते देखा गया।
