शहर

Patna News: पटना में बेकाबू स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचला, एक की मौत, 6 घायल

Patna News: राजधानी पटना के अटल पथ पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और छह लोग घायल हो गए।

Image

पटना में स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचला

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के अटल पथ पर रविवार रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद बेकाबू गाड़ी पलट गई और उछलते हुए लगभग 80 मीटर दूर जाकर गिरी। इस भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में महेशनगर के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के समय Scorpio Car की रफ्तार काफी तेज थी। ड्राइवर कथित तौर पर लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए राहगीरों को कुचलकर निकलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि लगभग 200 मीटर के दायरे में कई लोग इस तेज रफ्तार कार की चपेट में आए।

मदद के लिए तड़पते रहे घायल

हादसे के बाद सड़क पर कार के कांच के टुकड़े बिखर गए और राहगीरों का सामान भी बिखरा नजर आया। सड़क किनारे घायल लोग मदद के इंतजार में तड़पते दिखे। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) ले जाया गया। हादसे में घायल एक व्यक्ति रणवीर कुमार का पटना के सहयोग अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। घायल रणवीर कुमार ने बताया कि वे सात लोग दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल ही घर लौट रहे थे। इसी दौरान पलटती हुई स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

वहीं, सत्येंद्र मिस्त्री ने बताया कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाला उनका बेटा दीपक कुमार राज शाम करीब 6:15 बजे घर से मेला देखने निकला था। परिवार को हादसे की जानकारी पाटलिपुत्र थाने से रात लगभग 11:45 बजे मिली।

स्कॉर्पियो पर लगा था जेडीयू का झंडा

हादसे में शामिल स्कॉर्पियो पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) का झंडा लगा हुआ होने की बात भी सामने आई है। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 JY 6754 बताया गया है। हालांकि, झंडे और कार के आधार पर ड्राइवर या किसी राजनीतिक संगठन की जिम्मेदारी को लेकर कोई निष्कर्ष अभी से नहीं निकाला जा सकता है।

फिलहाल दुर्घटना की वजह पूरी तरह से साफ नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ड्राइवर की इसमें भूमिका क्या थी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article