देश

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़, 35 से ज्यादा घायल; अस्पताल पहुंचे CM सुवेंदु, हेल्पलाइन नंबर जारी

Kolkata Durga Puja Pandal: कोलकाता के चोरबागान सर्वोजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को भीषण बारिश और भारी भीड़भाड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

Image

कोलकाता के चोरेबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति

Photo : ANI

Kolkata Durga Puja Pandal: कोलकाता के चोरबागान सर्वोजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को भीषण बारिश और भारी भीड़भाड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस घटना में कम से कम 35 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पंडाल को बंद कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री सरदावत मुखर्जी और वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। वहीं, आपदा प्रबंधन कर्मियों को भी घटनास्थल पर भेजा गया।

हेल्पलाइन नंबर जारी

इस घटना के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 शुरू किया है। इस नंबर पर कॉल करके घटना से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

लालबाजार कंट्रोल रूम

  • 18003455678
  • 03322141310

चश्मदीद ने बताया आंखों देखा हाल

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में चश्मदीद ने आंखों देखा हाल बताया। चश्मदीद ने बताया कि कई लोग बेहोश हो गए थे। कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर ले जाया जा रहा था। मैंने अपने आसपास चारों तरफ ऐसा होते देखा। जब लोग बेहोश हुए, तो उन्हें बाइक पर ले जाया गया। यह सब भारी भीड़ के बीच हुआ।

ममता बनर्जी ने जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने चोरबागान पूजा पंडाल की घटना दुख जताया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायलों को जल्द से जल्द स्वस्थ करें और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति और साहस प्रदान करें।''

कैसे बनी भगदड़ जैसी स्थिति?

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ लगभग शाम 7:40 बजे मची। इस हादसे में कम से कम 35 लोग घायल हुए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारिश शुरू होने के बाद चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर इंतजार कर रही भीड़ अचानक आगे बढ़ने लगी। इस दौरान कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

'दुर्गा पंडाल की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण'

तृणमूल नेता कुणाल घोष ने दुर्गा पूजा पंडाल की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पंडाल में मौजूद कुछ श्रद्धालुओं को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

कुणाल घोष ने कहा, ''यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यह कैसे और क्यों हुआ? इस पर बाद में बात की जा सकती है, लेकिन फिलहाल हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। हम पुलिस प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि अस्पतालों में चिकित्सा कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए।'' उन्होंने कहा कि तृणमूल कार्यकर्ता पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। पंडाल के भीतर अभी भी राहत और बचाव कार्य किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article