स्पोर्ट्स

Asian Para Games: शीतल देवी ने कंपाउंड आर्चरी में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की, टॉप पर बनाई जगह

भारतीय पैरा-आर्चर शीतल देवी ने सोमवार को एशियन पैरा गेम्स के महिला कंपाउंड आर्चरी रैंकिंग राउंड में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शीतल देवी ने इस साल मार्च में बैंकॉक, थाईलैंड में बनाए गए अपने पिछले एशियन रिकॉर्ड (698 अंक) में 6 अंकों का सुधार किया।

Image

शीतल देवी ने की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी। फाइल फोटो

आइची-नागोया: भारतीय पैरा-आर्चर शीतल देवी ने सोमवार को एशियन पैरा गेम्स के महिला कंपाउंड आर्चरी रैंकिंग राउंड में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उन्होंने ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में कुल 720 अंकों में से 704 अंक हासिल किए। तुर्की की ओजनुर क्यूर भी उन आर्चर में शामिल हैं, जिनके नाम संयुक्त रूप से यह विश्व रिकॉर्ड दर्ज है।

शीतल देवी ने इस साल मार्च में बैंकॉक, थाईलैंड में बनाए गए अपने पिछले एशियन रिकॉर्ड (698 अंक) में 6 अंकों का सुधार किया। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड के दोनों हाफ में 352-352 अंक बनाए। उन्होंने 32 'X' और 25 '10' स्कोर किए और पहले स्थान पर रहीं। इसके साथ ही उन्होंने जापान के आइची-नागोया में भारत के अभियान की शानदार शुरुआत की। इस प्रदर्शन के साथ, उन्होंने एक नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने 2023 में हांगझोऊ में बनाए गए अपने पिछले 680 अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

टॉप पर बनाई जगह

एक अन्य भारतीय आर्चर पायल नाग ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 675 अंक हासिल किए और संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहीं। उन्होंने 12 'X' और 20 '10' स्कोर किए। पहले हाफ में 334 अंक बनाए और दूसरे हाफ में सुधार करते हुए 341 अंक हासिल किए। अपने इस प्रदर्शन के दम पर, शीतल देवी और पायल ने पैरा कंपाउंड महिला डबल्स रैंकिंग राउंड में कुल 1,379 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। इसमें शीतल का योगदान 704 अंकों का रहा, जबकि पायल ने 675 अंक बनाए।

हरविंद्र सिंह ने पांचवें स्थान पर बनाई जगह

वहीं, मेंस कंपाउंड आर्चरी रैंकिंग राउंड में, भारत के हरविंदर सिंह 631 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। उन्होंने 8 'X' और 13 '10' स्कोर किए। पहले हाफ में 310 अंक बनाए और दूसरे हाफ में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 321 अंक हासिल किए। विजय सुंडी 630 अंकों के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने छह 'X' और 13 '10' स्कोर किए। उन्होंने पहले हाफ में 318 अंक और दूसरे हाफ में 312 अंक हासिल किए।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article